बड़ी खबर: करोड़ों की प्रॉपर्टी, ड्राइवरलेस टेस्ला और NSA अजीत डोभाल का ‘अंडरकवर एजेंट’…फर्जी IAS के साम्राज्य का भंडाफोड़
बिहार के खगड़िया में पुलिस ने फर्जी IAS अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चिक्कू को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को NSA अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताकर लोगों से ठगी करता था। छापेमारी में 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति, टेस्ला कार, विदेशी शराब, क्रेडिट कार्ड और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। जानिए फर्जी IAS के पूरे मामले की कहानी।
पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने IAS अधिकारी बनने का ऐसा जाल बिछाया था कि लोग उसकी असलियत पहचान ही नहीं पाए। आरोपी खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताकर लोगों पर रौब जमाता था और इसी पहचान के सहारे ठगी का खेल खेल रहा था। पुलिस की छापेमारी में उसके करोड़ों की संपत्ति, लग्जरी गाड़ियां और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं।
Patna: बिहार के खगड़िया में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने IAS अधिकारी बनने का ऐसा जाल बिछाया था कि लोग उसकी असलियत पहचान ही नहीं पाए। आरोपी खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताकर लोगों पर रौब जमाता था और इसी पहचान के सहारे ठगी का खेल खेल रहा था। पुलिस की छापेमारी में उसके करोड़ों की संपत्ति, लग्जरी गाड़ियां और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं।
साढ़े सात घंटे चली छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
खगड़िया पुलिस की जिला अपराध इकाई (DIU) और गोगरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को जमालपुर बाजार स्थित आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। यह कार्रवाई दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई और रात 8:30 बजे तक चली। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चिक्कू के रूप में हुई है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के पास 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति होने की जानकारी मिली है। उसके आलीशान बंगले और महंगी जीवनशैली ने भी पुलिस को हैरान कर दिया। छापेमारी में दो लग्जरी गाड़ियां जब्त की गईं, जिनमें टेस्ला मॉडल Y और डाइकोर सफारी शामिल हैं। दोनों वाहनों पर ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था। पुलिस अब इन गाड़ियों के दस्तावेज और उनकी खरीद से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
IAS का बोर्ड लगाकर लोगों को करता था गुमराह
खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मनीष कुमार गुप्ता लंबे समय से खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करता था। वह अपनी निजी गाड़ियों पर IAS और Government of India के बोर्ड लगाकर घूमता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 10 साल से अलग-अलग जिलों में लोगों को झांसा देकर ठगी कर रहा था। एसपी ने कहा कि मामला सिर्फ आर्थिक धोखाधड़ी तक सीमित नहीं है। आरोपी फर्जी पहचान बनाकर लोगों में डर पैदा करता था और सरकारी अधिकारी जैसी छवि बनाकर अपना प्रभाव जमाता था।
घर से विदेशी शराब, मोबाइल और कई दस्तावेज बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से करीब 31 लीटर विदेशी शराब मिली। इसमें कुछ महंगी ब्रांड की शराब भी शामिल हैं, जिनकी एक बोतल की कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इसके अलावा एप्पल कंपनी के पांच मोबाइल फोन, 20 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट कार्ड, चार चेकबुक और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस को घर से हिरण और बारहसिंगा के सींग भी मिले हैं। इनकी जांच वन विभाग के नियमों के तहत की जा रही है।
घर पर लगाए थे 100 कैमरे, खुद रहता था अकेला
मनीष कुमार गुप्ता ने अपने घर की सुरक्षा और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए करीब 100 कैमरे लगवा रखे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह बहुत कम बाहर निकलता था और ज्यादातर समय घर में ही रहता था। उसने शादी भी नहीं की थी और अकेले रहता था।
दिल्ली से एक महीने पहले आया था खगड़िया
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष कुमार गुप्ता करीब एक महीने पहले दिल्ली से खगड़िया आया था। उसके पिता स्वर्गीय परमेश्वर गुप्ता खगड़िया के केडीएस कॉलेज में हिंदी के प्रोफेसर थे। मनीष छह भाइयों में सबसे छोटा है। उसका बड़ा भाई संजय कुमार गुप्ता दिल्ली में प्रोफेसर है, जबकि एक भाई कनाडा में रहता है। पुलिस उसके परिवार और संपत्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
टेस्ला मॉडल Y की कीमत और रेंज भी चर्चा में
पुलिस द्वारा जब्त की गई टेस्ला मॉडल Y कार भी चर्चा का विषय बनी हुई है। भारत में टेस्ला ने फिलहाल मॉडल Y लॉन्च किया है, जो दो वेरिएंट में उपलब्ध है। इसके रियर व्हील ड्राइव मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत करीब 59.89 लाख रुपये है और यह एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर तक की रेंज देती है। वहीं लॉन्ग रेंज वेरिएंट की कीमत करीब 67.89 लाख रुपये है और इसकी रेंज 622 किलोमीटर तक बताई जाती है। पुलिस अब फर्जी IAS मनीष कुमार गुप्ता की पूरी संपत्ति, बैंक खातों, विदेशों में मौजूद संभावित संपत्तियों और ठगी के नेटवर्क की जांच कर रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


