बुधवार को Bank Holiday, जानिए 11 नवंबर को RBI ने क्यों दी छुट्टी
Bank Holiday 11 November 2026: अगर आप बुधवार, 11 नवंबर को बैंक जाकर जरूरी काम निपटाने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें। भाई दूज (Bhai Dooj) के मौके पर देश के कई शहरों में बैंक शाखाओं पर ताला लगा रहेगा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, 11 नवंबर को उत्तर प्रदेश के लखनऊ और कानपुर के अलावा सिक्किम के गंगटोक, मणिपुर के इंफाल, पश्चिम बंगाल के कोलकाता और हिमाचल प्रदेश के शिमला में बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो तारीख और अपने शहर की छुट्टी की जानकारी पहले ही जांच लें।
11 नवंबर को किन शहरों में बंद रहेंगे बैंक?
RBI के बैंक हॉलिडे कैलेंडर (Bank Holiday Calendar) के अनुसार, बुधवार 11 नवंबर को लक्ष्मी पूजा (Laxmi Puja), निंगोल चक्कौबा (Ningol Chakkouba), भ्रातृ द्वितीया (Bhratridwitiya), भाई दूज और चित्रगुप्त जयंती (Chitragupt Jayanti) के अवसर पर कुछ बैंकिंग केंद्रों में छुट्टी रहेगी। इनमें गंगटोक, इंफाल, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ और शिमला शामिल हैं।
इन शहरों में सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी। इसमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक जैसी बैंकों की शाखाएं भी शामिल हैं। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रह सकती हैं।
भाई दूज पर क्यों बंद रहेंगे बैंक?
भाई दूज भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित त्योहार है। इसे कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत किया और माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। तभी से बहनें भाई दूज पर भाइयों को तिलक लगाकर उनके सुख, स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करती हैं।
इसी दिन को भ्रातृ द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। वहीं, मणिपुर में निंगोल चक्कौबा प्रमुख पारंपरिक त्योहार है। इस अवसर पर विवाहित बेटियों को उनके मायके में आमंत्रित किया जाता है। परिवार के लोग उनके साथ भोजन करते हैं और उन्हें उपहार देते हैं। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक एकजुटता का प्रतीक माना जाता है।
लक्ष्मी पूजा दीपावली से जुड़ा प्रमुख धार्मिक अनुष्ठान है। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। मान्यता है कि मां लक्ष्मी स्वच्छ और रोशनी से सजे घरों में निवास करती हैं। वहीं, चित्रगुप्त जयंती पर भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान चित्रगुप्त मनुष्यों के अच्छे और बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। इस अवसर पर विशेष रूप से कायस्थ समुदाय के लोग कलम, दवात और बही-खातों की पूजा करते हैं।
दिल्ली, मुंबई और दूसरे शहरों में खुली रहेंगी बैंक शाखाएं?
RBI की सूची के मुताबिक, 11 नवंबर को दिल्ली, मुंबई, जयपुर, पटना, भोपाल और चंडीगढ़ जैसे शहरों में बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। ध्यान देने वाली बात है कि बैंक की छुट्टियां पूरे राज्य में एक जैसी नहीं होतीं। कई बार एक ही राज्य के अलग-अलग बैंकिंग केंद्रों में अलग तारीखों पर अवकाश रहता है। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टी जरूर जांच लें।
10 नवंबर को भी कई शहरों में बंद हैं बैंक
मंगलवार, 10 नवंबर को भी देश के कुछ शहरों में बैंक शाखाएं बंद हैं। RBI के कैलेंडर के अनुसार, बलि प्रतिपदा (Bali Pratipada), गोवर्धन पूजा (Govardhan Puja), लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के अवसर पर अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, मुंबई और नागपुर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हैं।
नवंबर 2026 में कब-कब बंद रहेंगे बैंक?
नवंबर महीने में 13 तारीख को मेघालय के शिलांग में वांगला उत्सव (Wangala Festival) के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 16 नवंबर को छठ पूजा (Chhath Puja) के अवसर पर पटना और रांची में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। 20 नवंबर को उत्तराखंड के देहरादून में इगास-बग्वाल (Igas-Bagwal) के कारण बैंक बंद रहेंगे, जबकि 23 नवंबर को मेघालय के शिलांग में सेंग कुट स्नेम (Seng Kut Snem) पर्व के चलते अवकाश रहेगा।
24 नवंबर को गुरु नानक जयंती (Guru Nanak Jayanti), कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima) और रास पूर्णिमा के अवसर पर कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें आइजोल, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, देहरादून, हैदराबाद, ईटानगर, जम्मू, जयपुर, कानपुर, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर शामिल हैं।
इसके अलावा 27 नवंबर को कर्नाटक के बेंगलुरु में कनकदास जयंती (Kanakadasa Jayanti) के अवसर पर बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी। बैंक जाने की योजना बनाने वाले ग्राहकों को सलाह है कि वे RBI की आधिकारिक छुट्टी सूची या संबंधित बैंक की वेबसाइट पर अपने शहर का अवकाश जरूर देख लें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


