AI मचा सकता कोरोना से भी बड़ा कहर; 2027 में लाखों मौतों की आशंका, वैज्ञानिकों ने नकदी और राशन-पानी जमा करने की दी सलाह
AI के तेजी से विकास को लेकर वैज्ञानिकों ने गंभीर आशंकाएं जताई हैं। चेतावनी है कि इसका दुरुपयोग जैविक हथियार बनाने, साइबर हमले और बड़े पैमाने पर तबाही के लिए हो सकता है। कुछ विशेषज्ञों ने 2030 तक AI पर नियंत्रण खोने का खतरा भी बताया है।
New York: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भविष्य की सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति माना जा रहा है, लेकिन अब यही तकनीक इंसानियत के लिए बड़े खतरे की वजह भी बन सकती है। वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि AI का बेकाबू विकास जैविक हथियारों के निर्माण, साइबर हमलों और वैश्विक तबाही का कारण बन सकता है। यहां तक कि 2027 में कोरोना महामारी से भी ज्यादा मौतों का खतरा जताया गया है। हालांकि, ये आशंकाएं हैं, प्रमाणित भविष्यवाणियां नहीं।
2027 में लाखों मौतों की आशंका क्यों?
जीपीटी-5 की सुरक्षा जांच से जुड़े वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने चेतावनी दी है कि AI की मदद से अपराधियों को खतरनाक जैविक हथियार बनाने की जानकारी मिल सकती है। इससे बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान हो सकता है। WHO के अनुसार, कोरोना महामारी से दुनिया में 71 लाख से ज्यादा मौतें दर्ज हुई थीं। कुछ वैज्ञानिक अनुमान वास्तविक मौतों की संख्या इससे कहीं अधिक बताते हैं। युर्कोविच के मुताबिक, अगर AI के विकास की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं किया गया तो 2030 के अंत तक इंसानियत के अस्तित्व या AI पर नियंत्रण खोने का खतरा 50 प्रतिशत तक हो सकता है। उनका यह भी दावा है कि अगले दशक में मौजूदा नौकरियों का बड़ा हिस्सा खत्म हो सकता है।
दुनिया के बड़े वैज्ञानिक भी जता चुके हैं चिंता
AI विशेषज्ञ योशुआ बेंजियो का कहना है कि इंसान ऐसे सिस्टम विकसित कर रहा है, जिन पर नियंत्रण रखने के तरीके अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन भी AI के भविष्य को लेकर चिंता जता चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अत्यधिक शक्तिशाली AI भविष्य में इंसानों के अस्तित्व के लिए खतरा बन सकता है। विशेषज्ञों को आशंका है कि भविष्य में AI का इस्तेमाल स्वायत्त हथियारों, ड्रोन और रोबोट को नियंत्रित करने के लिए किया जा सकता है। इतना ही नहीं, जैविक हथियारों से जुड़ी खतरनाक जानकारी तक अपराधियों की पहुंच आसान होने का डर भी है।
AI सुरक्षा विशेषज्ञ और एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो के मुताबिक, अगर AI स्वतंत्र रूप से फैसले लेने लगे और इंसानों को अपने उद्देश्यों में बाधा समझने लगे तो उसे नियंत्रित करना बेहद मुश्किल हो सकता है। युर्कोविच ने AI आधारित साइबर हमलों से ऑनलाइन बैंकिंग और कंपनियों के कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित होने की आशंका भी जताई है। उन्होंने लोगों को आपात स्थिति के लिए घर में 14 दिन का राशन-पानी और कुछ नकदी रखने की सलाह दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


