हल्द्वानी- बैराज से पांच घंटे तक पानी छोड़े जाने का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

हल्द्वानी। बैराज और डीसिल्टिंग टैंक में फ्लशिंग ऑपरेशन के चलते गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ा जाएगा। इसके चलते डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ेगा। परियोजना प्रबंधन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। एसजेवीएन की एनएमएचपीएस परियोजना ने सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए बताया है कि 9 जुलाई को बैराज एवं डीसिल्टिंग टैंक में हेड लॉस की स्थिति को देखते हुए सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक फ्लशिंग ऑपरेशन संचालित किया जाएगा।
इस दौरान बांध से पानी को क्रमिक चरणों में छोड़ा जाएगा, जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की संभावना रहेगी। परियोजना प्रबंधन ने सभी संबंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन, परियोजना कर्मियों और नदी तट के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि फ्लशिंग ऑपरेशन के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलधाराओं के निकट न जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। एसजेवीएन की बैराज ऑपरेशन टीम ने कहा है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक एहतियात बरते जाएं, ताकि जलस्तर बढ़ने के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


