पुलकित आर्या की फैक्ट्री में फिर लगी आग, साजिश या हादसा?

ख़बर शेयर करें

अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या की फैक्ट्री में फिर एक बार आग लग गई है। ये फैक्ट्री पुलकित आर्या के रिजार्ट के पिछले हिस्से में बनी हुई है। हैरानी की बात ये है कि इस फैक्ट्री में अंकिता की हत्या के बाद भी रहस्यमयी तरीके से आग लग गई थी। इस फैक्ट्री में पहले भी आग लगने की वजहों का पता नहीं चल पाया था और इस बार भी फैक्ट्री में आग क्यों लगी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। ऐसे में ये साजिश है या हादसा ये एक बड़ा सवाल है।

Ad
Ad


वहीं इस बार फैक्ट्री में आग एक बड़े हिस्से में लगी है। फैक्ट्री से काला धुआं निकलते हुए देखा गया है। आग की लपटें भी देखी गईं हैं।


स्थानीय पत्रकारों से मिली जानकारी से अनुसार आग लगने की वजहों के बारे में कोई पुष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। दावा किया जा रहा है कि फैक्ट्री में शार्ट सर्किट के चलते आग लगी है लेकिन स्थानीय लोगों से मिली जानकारी बता रही है कि फैक्ट्री का बिजली कनेक्शन पहले ही काटा जा चुका है। ऐसे में शार्ट सर्किट कैसे हो गया ये भी एक बड़ा सवाल है।


आंवला कैंडी की है फैक्ट्री
अंकिता भंडारी की हत्या के बाद से ही पुलकित के काले कारनामे जहां सबके सामने आने लगे वहीं उसके रहस्यमयी मायाजाल का भी खुलासा होने लगा। पुलकित ने जहां अवैध तरीके से अपना रिजार्ट बनवाया वहीं रिजार्ट के पीछे के हिस्से में उसने आंवला कैंडी बनाने की फैक्ट्री भी डाली। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री पर उसने अपनी पत्नी के नाम से लोन भी लिया हुआ है। ये फैक्ट्री उस समय सबकी नजरों में आई जब अंकिता की हत्या के बाद इस फैक्ट्री के एक हिस्से में अचानक आग लग गई। इस आग को हालांकि जल्द ही काबू कर लिया गया था।

लेकिन ये आग कैसे लगी इस बात का खुलासा नहीं हो सका। वहीं लोगों ने आग लगने के पीछे किसी साजिश की आशंका जताई। हालांकि मामला जल्द ही ठंडा पड़ गया। इसके बाद अब एक बार फिर इस फैक्ट्री में लगी भयानक आग ने लोगों की आशंका को बल दे दिया है। कहीं ऐसा तो नहीं कि फैक्ट्री में कुछ ऐसा है जिसको छुपाने के लिए बार बार आग का सहारा लिया जा रहा है?