LPG पर मोदी सरकार के 3 बड़े झटके! एलपीजी सिलेंडर को लेकर अचानक लिया ऐसा फैसला, सुनकर आम जनता का छूटा पसीना
LPG Cylinder Price News: वैश्विक स्तर पर जारी भारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची उथल-पुथल के बीच केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने एलपीजी सिलेंडर को लेकर एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ फैसले लिए हैं। सरकार ने सिर्फ जून के महीने में ही रसोई गैस को लेकर 3 बड़े फैसले ले डाले हैं, जिसने आम उपभोक्ताओं की टेंशन को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
इन नए फैसलों की वजह से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर महंगाई का बोझ काफी ज्यादा बढ़ गया है। आइए सरकार के इन तीनों बड़े फैसलों के बारे में विस्तार से जानते हैं कि कैसे ये आपकी जेब पर सीधा असर डाल रहे हैं।
उज्ज्वला योजना की सब्सिडी वाले सिलेंडरों में भारी कटौती
सरकार ने अपने पहले बड़े फैसले के तहत ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ (PMUY) के लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत अब सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की सालाना सीमा को नौ से घटाकर सीधे चार कर दिया गया है। आपको बता दें कि साल 2016 में जब इस योजना की शुरुआत हुई थी, तब लाभार्थियों को साल भर में 14.2 किलोग्राम के कुल 12 सिलेंडर सब्सिडी पर दिए जाते थे। इसके बाद पिछले साल सरकार ने इस संख्या को घटाकर नौ कर दिया था और अब इसे और कम करके महज चार सिलेंडर सालाना कर दिया गया है।
हालांकि, सरकार ने मई 2022 में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए प्रति सिलेंडर 200 रुपये की लक्षित सब्सिडी शुरू की थी, जिसे बाद में अक्टूबर 2023 में बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया था। यह सब्सिडी राशि अभी भी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में (DBT के जरिए) भेजी जा रही है, लेकिन अब साल में सिर्फ चार सिलेंडरों पर ही इसका लाभ मिलेगा।
आम जनता को लगा झटका, घरेलू सिलेंडर के दाम में फिर बढ़ोतरी
सरकार का दूसरा बड़ा फैसला आम घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर है। सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में ₹29 प्रति सिलेंडर की सीधी बढ़ोतरी कर दी है। पिछले तीन महीनों के भीतर आम जनता पर महंगाई की यह दूसरी बड़ी मार है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत सात जून से 913 रुपये से बढ़कर अब 942 रुपये हो गई है। इससे पहले, मार्च के महीने में भी सरकार ने ₹60 प्रति सिलेंडर की तगड़ी बढ़ोतरी की थी।
होटल और ढाबा चलाना हुआ महंगा, कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी उछाल
घरेलू गैस के साथ-साथ सरकार ने कॉमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वालों को भी नहीं बख्शा है। बीते एक जून को लिए गए तीसरे फैसले के तहत होटल, रेस्तरां और ढाबों में इस्तेमाल होने वाले कॉमर्शियल एलपीजी के साथ-साथ पांच किलो वाले छोटे सिलेंडरों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। इसके तहत, 19 किलोग्राम वाले भारी कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹42 बढ़ा दी गई है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,071.50 रुपये से बढ़कर अब 3,113.50 रुपये के पार पहुंच गई है। वहीं, पांच किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर की कीमत में भी ₹11 का इजाफा किया गया है, जिससे अब यह 821.50 रुपये का हो गया है।
अगर इन फैसलों के पीछे की मुख्य वजह को समझें, तो पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में चल रहे गंभीर संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में लगातार तेज उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। सरकार के आधिकारिक बयानों के मुताबिक, देश की सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों को एलपीजी की बिक्री पर प्रति सिलेंडर लगभग 700 रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल की बिक्री में भी लागत से कम कीमत होने के कारण कंपनियों को लगातार घाटा हो रहा है, जिसकी भरपाई के लिए यह कदम उठाए गए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


