13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1 करोड़ 62 लाख रुपये कैश तो बस शुरुआत थी… अब खुला करोड़ों की संपत्तियों का सबसे बड़ा राज
रिटायर्ड एआरटीओ ललित कुमार की जांच में लखनऊ के बक्शी का तालाब क्षेत्र में तीन और भूखंड मिलने का खुलासा हुआ है। पहले ही 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी, 1.62 करोड़ नकद और कई संपत्तियां बरामद हो चुकी हैं। अब उनकी कुल संपत्ति करीब 65 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
Lucknow: उत्तर प्रदेश के आगरा में तैनात रहे रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार की कथित अवैध संपत्तियों की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। विजिलेंस की जांच के दौरान पहले उनके लखनऊ स्थित आवास से 15 अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले थे। अब जांच में यह भी सामने आया है कि उन्होंने लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में कृषि योग्य तीन और भूखंड खरीदे थे। अधिकारियों ने इन भूखंडों का सत्यापन भी करा लिया है।
विदेश भागने की आशंका, पासपोर्ट जब्त करने की तैयारी
विजिलेंस विभाग ने जांच के दौरान आरोपी को पूछताछ के लिए अगले सप्ताह उपस्थित होने का नोटिस जारी किया है। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि वह विदेश जाने की कोशिश कर सकता है। इसे देखते हुए उसका पासपोर्ट जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है ताकि जांच प्रभावित न हो।
13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और करोड़ों की नकदी बरामद
हाल ही में विजिलेंस ने लखनऊ के अलीगंज स्थित आवास पर छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और नोएडा समेत कई स्थानों पर स्थित 15 अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले थे। बरामद सोना-चांदी, नकदी और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों को सुरक्षित रूप से कलेक्ट्रेट के स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है।
35 करोड़ से बढ़कर 65 करोड़ पहुंचा संपत्ति का आंकड़ा
प्रारंभिक जांच में ललित कुमार की कुल संपत्ति लगभग 35 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन नए खुलासों के बाद यह आंकड़ा बढ़कर करीब 65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। जांच एजेंसियां अब उनकी सभी संपत्तियों, बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन की गहन पड़ताल कर रही हैं।
‘ससुराल का गिफ्ट’ बताकर किया बचाव, लेकिन नहीं दे पाए जवाब
छापेमारी के दौरान ललित कुमार ने बरामद सोना, चांदी और नकदी को ससुराल से मिला उपहार बताया। हालांकि जब अधिकारियों ने बैंक लेन-देन और संपत्ति के स्रोत से जुड़े सवाल पूछे तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। विजिलेंस ने छापेमारी और बरामदगी से जुड़ी पूरी रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत कर दी है। मामले की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



अस्पताल की जिम्मेदारी की चिंता, लेकिन उसकी सेहत ठीक करने के दौरान खुद ही चले गए