सियासत में बड़ा उलटफेर, BJP ने इस दल के साथ गठबंधन पर किया साफ ऐलान
पंजाब की सियासत में शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और भारतीय जनता पार्टी के फिर से एक साथ आने की अटकलों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर मैदान में उतरेगी और सरकार बनाएगी।
पटियाला बैठक में रणनीति साफ
अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के पहले दिन पटियाला पहुंचे बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि सभी 117 हलकों में अपनी ताकत झोंककर चुनावी मुकाबला लड़ेगी।
राज्यभर में बैठकों का दौर
बीएल संतोष पंजाब में जमीनी स्तर पर संगठन की समीक्षा और चुनावी तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से पहुंचे हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने पटियाला और बठिंडा में क्षेत्रीय बैठकों की अध्यक्षता की, जिसमें मोहाली, संगरूर, मानसा, फाजिल्का और फरीदकोट समेत कई जिलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके बाद लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में भी क्षेत्रीय पदाधिकारियों और राज्य महासचिवों के साथ रणनीतिक बैठकें तय हैं।
अकाली दल संग गठबंधन की चर्चाओं पर विराम
दिल्ली में सुखबीर सिंह बादल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों पुराने सहयोगी फिर साथ आ सकते हैं। दोनों दलों ने 1997 से लेकर कई विधानसभा और लोकसभा चुनाव साथ लड़े थे, लेकिन 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर यह गठबंधन टूट गया था। 2022 के विधानसभा चुनाव और हालिया लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग किस्मत आजमाई थी, और अब बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव भी अकेले लड़ने का फैसला स्पष्ट कर दिया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


