Youth Congress leaders Suspension: दिल्ली की ‘वोट चोरी रैली’ से गैरहाजिर रहे 60 पदाधिकारी सस्पेंड, युवा कांग्रेस का बड़ा एक्शन
Youth Congress leaders Suspension: मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को आयोजित ‘वोट चोरी रैली’ में शामिल नहीं होने पर प्रदेश युवा कांग्रेस ने कई पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
3 नवंबर को जारी आदेश की सूची में 60 क्रमांक दर्ज हैं। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और जिला अध्यक्ष स्तर के नेता शामिल हैं।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना को कार्रवाई का प्रमुख आधार बताया गया है।
दिल्ली की रैली में अनुपस्थिति पड़ी भारी
कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बड़ी रैली आयोजित की थी। इसमें विभिन्न राज्यों के कांग्रेस नेताओं और युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए थे।
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। संगठन ने उनकी गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
3 नवंबर को जारी निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
देखें लिस्ट…
प्रदेश उपाध्यक्ष और महासचिवों पर भी गिरी गाज
निलंबन की सूची में प्रदेश युवा कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें उपाध्यक्ष शिवराज यादव, राजवीर सिंह कुड़िया, योगिता सिंह परिहार, प्रमोद सिंह खरे और नीरज पटेल शामिल हैं।
वहीं, महासचिव स्तर पर रोहित राजोरिया, अब्दुल करीम कुरैशी, विनय पांडे, राहुल हितेश ठाकुर, सुमन मौर्य, मोहम्मद अली, प्राची विजय पारधी, जितेंद्र इवाने, सोम्यराज पारते, पायल जैन, अंकित यादव, रेणुका गांधी और शेख सलमान सहित अन्य पदाधिकारियों के नाम सामने आए हैं।
सचिव स्तर के नेताओं में अक्षय दुबे, विक्रम सिंह, अभिषेक शुक्ला, ब्रजपाल राजावत, गौरीशंकर गुर्जर, अमनदीप सिंह गुर, जितेंद्र पाटीदार, मुआज़ कामिल और इम्तियाज़ खान शामिल हैं।
9 जिला अध्यक्षों को भी किया निलंबित
प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही जिला स्तर पर जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उपलब्ध आदेश में नौ जिला अध्यक्षों के नाम दर्ज हैं।
जिला निलंबित जिला अध्यक्ष
मैहर सौरभ शर्मा
आगर पृथ्वीराज चौहान
नीमच मनमोहन शक्तावत
बुरहानपुर अर्जुन जंगाले
अनूपपुर मानवेंद्र मिश्रा
गुना पंचम भील
बड़वानी आदित्य गोयल
छतरपुर मानवेंद्र सिंह परमार
भिंड मनीष पुरोहित
अगले आदेश तक जारी रहेगा निलंबन
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से जारी आदेश के अनुसार, संबंधित नेताओं का निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। यह कार्रवाई अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
हालांकि, निलंबित पदाधिकारियों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा या नहीं, इस संबंध में उपलब्ध आदेश में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


