शादी समारोह में फायरिंग, युवक की मौत… रुद्रपुर के पार्षद का नाम आया सामने

ख़बर शेयर करें


रुद्रपुर/चंडीगढ़: skt. com

पंजाब के बलाचौर में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई है। इस मामले में उत्तराखंड के रुद्रपुर के एक पार्षद का नाम सामने आया है। हालांकि पुलिस की दबिश के बावजूद आरोपी अब तक गिरफ्त में नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक, बलाचौर के एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान अचानक फायरिंग हुई और एक गोली सीधे एक युवक के सीने में जा लगी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि फायरिंग लाइसेंसी या निजी पिस्टल से की गई थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में रुद्रपुर के एक स्थानीय पार्षद जॉनी भाटिया पर आरोप लगे हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस की टीम उत्तराखंड के रुद्रपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त दबिश दी। लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। बताया जा रहा है कि उसके घर पर ताला लगा मिला। दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पंजाब के डीएसपी ने बताया कि शादी समारोह में हुई फायरिंग की गहन जांच की जा रही है और सभी एंगल से पड़ताल की जा रही है। वहीं रुद्रपुर कोतवाल ने भी पुष्टि की कि पंजाब पुलिस के अनुरोध पर स्थानीय स्तर पर सहयोग किया जा रहा है।
इस घटना के बाद रुद्रपुर की स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। एक जनप्रतिनिधि का नाम इस तरह के गंभीर आपराधिक मामले में सामने आने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गरमा गई हैं।
फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।