कैब से कुछ पल के लिए नीचे उतरी महिला, इतने में ड्राइवर ने कर दिया कांड, यह घटना यात्रियों के लिए सबक है

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें

cab news
कैब। (प्रतीकात्मक फोटो)

दिल्ली पुलिस ने एक यात्री का बैग चोरी करने के आरोप में कैब चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। य़ह घटना यात्रियों के लिए बड़ी सबक है, इस मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान शाहदरा निवासी कैब चालक अमित शर्मा (38) और कृष्णा नगर निवासी जौहरी अजय कपूर (47) के रूप में हुई है। कपूर को चोरी का माल खरीदने के आरोप में पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 सितंबर को हुई जब शिकायतकर्ता नीतू अरोड़ा शाहदरा के एक मॉल से प्रीत विहार स्थित दूसरे मॉल जाने के लिए कैब में सवार हुई थी।

पुलिस ने बताया कि निर्माण विहार रेड लाइट के पास, वह शाम 6.30 बजे से सात बजे के बीच कुछ सामान खरीदने के लिए कैब से थोड़ी देर के लिए बाहर निकलीं और अपना बैग कैब के अंदर ही छोड़ दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति का फायदा उठाते हुए शर्मा बैग लेकर फरार हो गया।

बैग में मोबाइल फोन, सोने की दो अंगूठियां, नकदी, एक ब्रांडेड घड़ी और अन्य सामान था। उन्होंने बताया कि इस मामले में ई-प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई और पुलिस ने विकास मार्ग, निर्माण विहार और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

अधिकारी ने बताया कि तकनीकी निगरानी से वाहन और शर्मा की पहचान करने में मदद मिली, जिसे बाद में सीमापुरी गोल चक्कर के पास पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शर्मा ने खुलासा किया कि उसने चोरी की सोने की अंगूठियां कपूर को 95,000 रुपये में बेची थीं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने फोन, 10,500 रुपये नकद, बैग और कैब बरामद कर ली है। पुलिस ने कपूर के पास से सोने की दो अंगूठियां बरामद की हैं।

ADVERTISEMENTS