कौन हैं वो 7 सांसद जो राघव चड्ढा के साथ BJP में शामिल होंगे? देखिए पूरी लिस्ट

ख़बर शेयर करें

Raghav Chadha BJP joining MPs list: राघव चड्ढा के AAP छोड़ BJP में शामिल होने के ऐलान के बाद सियासत गरमा गई है। उन्होंने दावा किया कि 7 और राज्यसभा सांसद उनके साथ BJP में जाएंगे। जानिए पूरी लिस्ट और इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम का असर।

Who Are the 7 MPs Joining BJP with Raghav Chadha Full List of AAP Rajya Sabha Members
रिलेटेड AI इमेज: राघव चड्ढा के साथ कौन-कौन जा रहा BJP?

AAP Rajya Sabha MPs join BJP: दिल्ली और पंजाब की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी भूचाल देखने को मिला, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से इस्तीफा देने के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐलान कर दिया।

लेकिन इस खबर को और बड़ा बना दिया उस दावे ने, जिसमें राघव चड्ढा ने कहा कि वह अकेले नहीं जा रहे, बल्कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई से अधिक सांसद भी उनके साथ BJP में विलय करने जा रहे हैं। राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि आम आदमी पार्टी अब अपने मूल सिद्धांतों और आदर्शों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा, “मैं आम आदमी पार्टी से दूर जा रहा हूं और जनता की ओर बढ़ रहा हूं।” अब सबसे बड़ा सवाल यही है, वे 7 सांसद कौन हैं, जो राघव चड्ढा के साथ BJP में शामिल होने जा रहे हैं?

राघव चड्ढा ने कहा- कागजी कार्रवाई पूरी

राघव चड्ढा ने दावा किया कि AAP के कुल 10 राज्यसभा सांसद हैं और उनमें से दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस फैसले के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सभी सांसदों ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और यह कागजी प्रक्रिया राज्यसभा के सभापति को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि कुछ सांसद उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे, जबकि अन्य सांसदों ने भी समर्थन दे दिया है।

कौन हैं वो 7 सांसद? पूरी लिस्ट

  1. स्वाति मालीवाल : दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल जनवरी 2024 में राज्यसभा पहुंचीं। हाल के महीनों में AAP नेतृत्व से उनके रिश्तों में खटास की चर्चा लगातार रही है।
  2. अशोक कुमार मित्तल : पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल हाल ही में राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में डिप्टी लीडर बनाए गए थे। दिलचस्प बात यह है कि अब वही BJP में शामिल होने जा रहे हैं।
  3. संजीव अरोड़ा : पंजाब से आने वाले संजीव अरोड़ा भी इस सूची में शामिल बताए जा रहे हैं। वह लंबे समय से पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में सक्रिय माने जाते रहे हैं।
  4. संदीप पाठक : AAP के रणनीतिक चेहरों में गिने जाने वाले संदीप पाठक भी राघव चड्ढा के साथ BJP में जाने की घोषणा कर चुके हैं। उनकी भूमिका पार्टी के चुनावी प्रबंधन में अहम रही है।
  5. हरभजन सिंह : पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह का नाम भी इस सूची में शामिल है। पंजाब की राजनीति में उनकी मौजूदगी AAP के लिए प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण रही है।
  6. बलबीर सिंह सीचेवाल : पर्यावरण और सामाजिक कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले बलबीर सिंह सीचेवाल भी पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और उनका नाम भी इस संभावित विलय में सामने आया है।
  7. विक्रमजीत सिंह साहनी : उद्योगपति और समाजसेवी छवि वाले विक्रमजीत सिंह साहनी भी इस सूची का हिस्सा बताए जा रहे हैं। वह भी पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं।

AAP के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक झटका?

यदि राघव चड्ढा का दावा सही साबित होता है, तो यह आम आदमी पार्टी के लिए अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा। खासकर राज्यसभा में पार्टी की ताकत और राजनीतिक प्रभाव पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। पंजाब और दिल्ली की राजनीति में इसका असर आने वाले दिनों में और स्पष्ट दिख सकता है।

“गलत पार्टी में सही आदमी”

राघव चड्ढा ने अपने इस्तीफे के दौरान कहा कि उन्होंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा और 15 साल दिए, लेकिन अब उन्हें लगने लगा कि वह “गलत पार्टी में सही आदमी” बनकर रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अब राष्ट्रीय हित के बजाय व्यक्तिगत हितों के लिए काम कर रही है।

अब निगाहें राज्यसभा सभापति और BJP की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। यदि यह विलय औपचारिक रूप लेता है, तो भारतीय राजनीति में यह 2026 का सबसे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम साबित हो सकता है। फिलहाल, AAP के भीतर सियासी हलचल तेज है और सवाल यही है, क्या यह सिर्फ शुरुआत है?