उत्तराखंड: भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट के चलते इस जिले में कल स्कूल बंद, कक्षा 12 तक के छात्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी

उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के बीच ऊधम सिंह नगर जिले में सोमवार, 7 सितंबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश जिले में संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों पर लागू होगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा रविवार 6 सितंबर 2026 को राज्य के विभिन्न जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तीव्र से अति तीव्र वर्षा होने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। ऊधम सिंह नगर जिले में बहने वाली नदियों के बढ़ते जलस्तर और खराब मौसम को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
आदेश के अनुसार जनपद ऊधम सिंह नगर के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 7 सितंबर 2026, सोमवार को एक दिन का अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए अभिभावकों और छात्रों से भी सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


