हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: बेटे ने आंखों के सामने माँ की झूलती देखी लाश, गूंजी चीख पुकार, एक साल पहले पिता भी कर चुके थे आत्महत्या

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के जज फार्म में गुरुवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक बेटे की आंखों के सामने उसकी मां ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मां को फंदे पर झूलता देख बेटे की चीखें पूरे इलाके में गूंज उठीं।
मृतका 44 वर्षीय विमला सती अपने 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। गुरुवार सुबह जब बेटा नींद से जागा, तो मां कमरे में नहीं दिखी। तलाश करते हुए वह दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां का मंजर देख उसकी दुनिया ही उजड़ गई मां पंखे से लटकी हुई थी।
घबराए बेटे की चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। किसी तरह उसे संभाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि यह परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था। बीते वर्ष जून में महिला के पति ने भी आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद से महिला मानसिक तनाव में थी। गुरुवार की सुबह वह दर्द एक और त्रासदी में बदल गया। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर मानसिक पीड़ा को हम कब गंभीरता से लेंगे। एक मासूम बेटे के सिर से मां का साया उठ गयाऔर पीछे छोड़ गया कई अनुत्तरित सवाल