हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा, टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस से मां और दो बेटों की मौत
हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में पानी की टंकी की सफाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में बंद टंकी में बनी जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हल्द्वानी के गौलापार स्थित मानपुर पश्चिम गांव में पानी की टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से मां और दो बेटों की मौत
गौलापार के मानपुर पश्चिम गांव में बेसमेंट में निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग सफाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत; पुलिस ने शुरू की जांच
हल्द्वानी, 21 जुलाई 2026। नैनीताल जिले के हल्द्वानी के गौलापार स्थित मानपुर पश्चिम गांव में बुधवार को ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घर की निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग हटाने का काम देखते ही देखते मातम में बदल गया। जहरीली गैस से भरी बंद टंकी ने एक ही परिवार की तीन जिंदगियां निगल लीं। इस हादसे में मां और उसके दो बेटों की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, निर्माणाधीन पानी की टंकी के भीतर लगी शटरिंग हटाने के लिए सबसे पहले धर्म सिंह बिष्ट (38) टंकी में उतरे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनके छोटे भाई खुशाल सिंह बिष्ट (34) उन्हें देखने के लिए नीचे गए, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। दोनों को नहीं निकलता देख उनकी मां सरस्वती देवी (55) भी उन्हें बचाने के लिए टंकी में उतर गईं, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गईं। परिजन और आसपास के लोग उन्हें आनन-फानन में सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मोनिका आर्य, तहसीलदार कुलदीप पांडेय और चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि लंबे समय से बंद पड़ी पानी की टंकी के भीतर जहरीली गैस बनने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मानपुर पश्चिम गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस हादसे से शोक की लहर दौड़ गई है
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



राष्ट्रपति को दीपक की पाती