आज का मौसम 23 मई: एक तरफ तबाही मचाने आ रहा है मानसून, दूसरी तरफ 47 डिग्री की आग में झुलसेंगे ये 6 राज्य

ख़बर शेयर करें

देश के मौसम में इस समय अजीबोगरीब खेल देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां सूरज देवता आग उगल रहे हैं और लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मानसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) ने देश के 17 राज्यों में झमाझम बारिश का तगड़ा अलर्ट जारी किया है। राहत और आफत की इस लुकाछिपी के बीच, अगले कुछ दिनों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, इन राज्यों में झमाझम बारिश

मौसम प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों के भीतर इसके दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ अंडमान सागर के बचे हुए हिस्सों में पहुंचने के लिए हालात बिल्कुल अनुकूल बन चुके हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की इस धुआंधार एंट्री की वजह से केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में लगातार भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में आसमान से बरसेगी आग

जहां पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत बारिश से सराबोर होने वाला है, वहीं उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के लोगों को अभी भीषण गर्मी का टॉर्चर सहना पड़ेगा। IMD ने इन इलाकों में ‘भीषण लू’ (Severe Heatwave) की चेतावनी दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में सूरज के तेवर इतने तीखे होंगे कि तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोपहर के वक्त घरों से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।

दिल्ली में अगले 3 दिन कैसा रहेगा हाल?

देश की राजधानी दिल्ली में इस समय गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्लीवालों को फिलहाल 25 मई तक इस जानलेवा लू से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। इस दौरान आसमान बिल्कुल साफ रहेगा, जिससे धूप सीधे बदन को झुलसाएगी। हालांकि, राहत की बात बस इतनी है कि 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन ये हवाएं भी गर्म थपेड़ों जैसी ही महसूस होंगी। आने वाले दिनों में दिल्ली का पारा 46 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है।

उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में ‘रेड अलर्ट’, घर से निकलने से पहले सोचें

यूपी में तो गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ने पर आमादा है। मौसम विभाग ने सूबे के कई हिस्सों में 28 मई तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, महोबा, राठ, कानपुर, फतेहपुर, उन्नाव, इटावा, कन्नौज, मिर्जापुर समेत उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य के लगभग सभी जिलों में पारा आसमान छू रहा है।

यही हाल पूर्वी यूपी का भी रहने वाला है। गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, भदोही, अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, सुल्तानपुर और बाराबंकी जैसे जिलों में 28 मई तक ‘भीषण लू’ का टॉर्चर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।