Gas Cylinder New Rules: रसोई गैस इस्तेमाल करने वालों के लिए आ गए 5 नए नियम, 30 जून के बाद बंद हो जाएगा आपका कनेक्शन?

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

अगर आपके घर में भी इंडेन (Indane), भारत गैस (Bharat Gas) या एचपी (HP) का एलपीजी सिलेंडर आता है, या फिर आप पाइप वाली गैस (PNG) का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर सीधे आपसे जुड़ी है। तेल कंपनियों (OMCs) ने गैस सिलेंडर की बुकिंग, उसकी डिलीवरी और पीएनजी को लेकर कुछ बेहद कड़े और नए नियम लागू कर दिए हैं।

इन नए नियमों का सीधा असर देश के करोड़ों परिवारों के बजट और रसोई के मैनेजमेंट पर पड़ने वाला है। कई राज्यों से आ रही गैस की किल्लत, ब्लैक मार्केटिंग और सप्लाई से जुड़ी अफवाहों के बीच कंपनियों ने ग्राहकों के लिए एक जरूरी एडवाइजरी भी जारी की है।

अब जल्दी नहीं मिलेगा दूसरा सिलेंडर, बुकिंग के नियम बदले

सरकार ने सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए दो गैस बुकिंग के बीच के समय (लॉक-इन पीरियड) को बढ़ा दिया है। अब शहरों में रहने वाले लोग एक सिलेंडर लेने के पूरे 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर पाएंगे।

वहीं, गांवों में रहने वाले ग्राहकों के लिए यह नियम और भी सख्त है, जहां लॉक-इन पीरियड 45 दिन का तय किया गया है। यानी ग्रामीण इलाकों में एक सिलेंडर आने के 45 दिन बाद ही नई बुकिंग स्वीकार की जाएगी। आपको बता दें कि यह नया नियम 14.2 किलोग्राम और 5 किलोग्राम, दोनों ही तरह के घरेलू सिलेंडरों पर पूरी तरह लागू होगा।

बिना OTP के नहीं मिलेगी डिलीवरी, नंबर तुरंत कराएं अपडेट

अब वह जमाना गया जब डिलीवरी बॉय आता था और सीधे आपको सिलेंडर थमा देता था। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सही ग्राहक तक गैस पहुंचाने के लिए अब ओटीपी (OTP) आधारित डिलीवरी को अनिवार्य कर दिया गया है।

जैसे ही डिलीवरी बॉय आपके घर सिलेंडर लेकर पहुंचेगा, आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ‘वन टाइम पासवर्ड’ आएगा। जब तक आप वह ओटीपी डिलीवरी बॉय को नहीं बताएंगे, तब तक आपको सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। इसलिए, अगर आपका मोबाइल नंबर गैस एजेंसी में अपडेटेड नहीं है, तो बिना देर किए उसे तुरंत सही करवा लें, वरना आपकी डिलीवरी अटक सकती है।

e-KYC को लेकर सरकार ने दूर किया सारा कन्फ्यूजन

पिछले काफी समय से गैस उपभोक्ता ई-केवाईसी को लेकर परेशान घूम रहे हैं। अब पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए ही बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य किया गया है।

जहां तक सामान्य (Non-PMUY) ग्राहकों का सवाल है, तो यह ई-केवाईसी केवल उन्हीं लोगों को करानी है जिन्होंने अब तक इसे एक बार भी पूरा नहीं किया है। अगर आप पहले ही अपनी ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं, तो आपको दोबारा लाइनों में लगने या परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है।

क्या 30 जून के बाद सच में बंद हो जाएंगे LPG कनेक्शन?

बढ़ते गैस संकट को देखते हुए सरकार ने मार्च 2026 में सभी लोगों से एलपीजी की बजाए पीएनजी पर शिफ्ट होने की अपील की थी। सरकार ‘एक घर, एक गैस कनेक्शन’ की नीति पर तेजी से काम कर रही है। जिन घरों में पहले से ही पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की पाइपलाइन पहुंच चुकी है, उन्हें अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने की सलाह दी जा रही है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह बड़ा दावा किया जा रहा है कि जिन घरों में पीएनजी की सुविधा है, वहां के एलपीजी कनेक्शन 30 जून 2026 के बाद हमेशा के लिए बंद किए जा सकते हैं। हालांकि, सरकार ने अभी तक इस तारीख को लेकर कोई भी आधिकारिक डेडलाइन जारी नहीं की है।

तेल कंपनियों की ग्राहकों से खास अपील, पैनिक न हों

कर्नाटक समेत देश के कुछ राज्यों से गैस की ब्लैक मार्केटिंग की खबरें आई थीं, जिस पर सरकार और तेल कंपनियां पैनी नजर रख रही हैं। कंपनियों ने साफ किया है कि देश में एलपीजी की सप्लाई बिल्कुल सामान्य है और स्टॉक की कोई कमी नहीं है।

ग्राहकों से अपील की गई है कि वे डरकर एक्स्ट्रा सिलेंडर जमा न करें और न ही पैनिक बुकिंग करें। डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए अब ऑनलाइन बुकिंग पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही सरकार लोगों को पीएनजी, इंडक्शन कुकटॉप और इलेक्ट्रिक कुकिंग अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है।

ADVERTISEMENTS