Aaj Ka Mausam: 19 राज्यों में आंधी-बारिश, 80 KMPH की रफ्तार से तूफानी हवाएं, देश में मानसून की एंट्री के बाद IMD की नई चेतावनी
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के केरल में दस्तक के साथ ही मौसम विभाग ने आज देश के करीब 19 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है.
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने केरल में दस्तक दे दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार (5 जून) को देश के करीब 19 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बारिश के साथ 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
IMD के मुताबिक आज दिल्ली और आस-पास के इलाकों में हलचल भरा दिन रह सकता है. दिल्ली-एनसीआर में आज 2 चरणों में मौसम बदलने के आसार हैं. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है और इस दौरान गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि शाम से रात तक गरज के साथ बहुत हल्की बारिश के आसार हैं.
केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून के सक्रिय होने के कारण केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत में अगले 5-7 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक विशेष रूप से 5 जून को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
उत्तर भारत में आज कहां-कहां बारिश
IMD के मुताबिक, 5 जून को उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों मे ओले और मैदानों में तूफान का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक केरल में भले ही मॉनसून आ गया है, लेकिन कुछ राज्यों में अभी भी उमस भरी गर्मी परेशान करेगी. ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में 5 जून को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में फिर से लू की स्थिति 6 जून से शुरू होने की उम्मीद है, इसलिए वहां तापमान में बढ़त देखी जा सकती है.
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



डीएम का लैंड यूज चेंज पर कड़ा एक्शन