कटीमी गजार विस्गुली गांव में कोसी नदी पर रोपवे जल्द होगा पूरा
₹21.43 लाख की अवशेष धनराशि स्वीकृत, कार्य तत्काल प्रारम्भ के निर्देश
नैनीताल skt .कॉम
क्षेत्रीय लोगों की लंबे समय से मांग पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनहित में बड़ा निर्णय लेते हुए जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के ग्राम कटीमी गजार विस्गुली में कोसी नदी पर 190 मीटर स्पान रिवर क्रॉसिंग रोप वे निर्माण कार्य के लिए अवशेष धनराशि स्वीकृत कर दी है।
जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा इस योजना हेतु जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास, नैनीताल के माध्यम से कुल ₹85,73,000/-’ (रुपये पचासी लाख तिहत्तर हजार मात्र) स्वीकृत किए गए थे। इसमें से प्रथम किश्त के रूप में 75 प्रतिशत अर्थात ₹64,29,750/- की धनराशि पूर्व में कार्यदायी संस्था अधिशासी अभियन्ता, निर्माण खण्ड, लोक निर्माण विभाग, रामनगर को निर्गत की गई थी जिससे कार्यदाई संस्था द्वारा कार्य कराया गया,
जिलाधिकारी द्वारा अवशेष 25 प्रतिशत धनराशि ₹21,43,250/- (रुपये इक्कीस लाख तैंतालीस हजार दो सौ पचास मात्र) को भी डी0एम0एफ0, नैनीताल के माध्यम से कार्यदायी संस्था को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोक निर्माण विभाग, रामनगर के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करते हुए अवशेष जो भी कार्य हैं तत्काल पूर्ण गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
इस रोप वे के निर्माण से कटीमी गजार विस्गुली क्षेत्र के ग्रामीणों को कोसी नदी पार करने में वर्ष भर सुविधा उपलब्ध होगी। क्षेत्रीय जनता ने जिलाधिकारी द्वारा धनराशि स्वीकृत कर समस्या का समाधान करने पर आभार व्यक्त किया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


