हल्द्वानी- रामपुर की दुष्कर्म पीड़िता ने 20 दिन बाद तोड़ा दम, शादी से इनकार पर लगाई थी खुद को आग

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता ने 20 दिन बाद हल्द्वानी में दम तोड़ दिया। पीड़िता ने एक युवक की ओर से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के बाद इनकार करने पर खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी थी।

इससे किशोरी का मुंह व शरीर के कई अंग जल चुके थे। उसे उपचार के लिए रामपुर से हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया था। शुक्रवार की रात उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया।

शादी का झांसा देकर इधर-उधर उसे घुमाता रहा
शनिवार को हल्द्वानी पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे बड़े भाई ने कहा कि उसकी 17 वर्षीय बहन का डेढ़ साल से कालोनी में रहने आए शीशगढ़ बरेली के एक 36 वर्षीय युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक की कालोनी में परच्यून की दुकान है।

आरोप है कि युवक बीते डेढ़ वर्ष से उसकी बहन के साथ शादी का झांसा देकर इधर-उधर उसे घुमाता रहा। यही नहीं 25 अप्रैल को युवक उसकी बहन को रुद्रपुर लेकर आया और यहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके अगले दिन ही युवक ने उसकी बहन से शादी करने से इनकार कर दिया।

साथ ही उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी। भाई ने बताया कि 26 अप्रैल की रात वह लोग शादी में चले गए। जिसपर उसकी बहन घर में ही थी और युवक से फोन पर बात करने के बाद उसने अपने ऊपर डीजल डाल लिया और आग ली। इसके तुरंत बाद वह लोग बहन को लेकर रामपुर के जिला अस्पताल पहुंचे।

जहां बहन की हालत गंभीर बताते हुए 27 अप्रैल को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। बर्न वार्ड में लंबे समय तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई है।

सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से जलने के बाद एक रामपुर की किशोरी की उपचार के दौरान मौत हुई है। किशोरी के साथ दुष्कर्म की जानकारी नहीं है।