हल्द्वानी के MBPG कॉलेज में चुनाव से पहले बवालः छात्र नेता बेहुल शाह के दफ्तर पर हमला, तोड़फोड़ और हथियार लहराए; पुलिस ने कई को हिरासत में लिया

कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को होने वाले छात्र संघ चुनाव से पहले छात्र गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई हिंसक हो गई। गुरुवार देर रात चुनावी रंजिश को लेकर एक छात्र गुट ने दूसरे दल से चुनाव लड़ रहे छात्र नेता बेहुल शाह के कार्यालय पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हंगामे के दौरान कुछ छात्र नेता हाथों में धारदार हथियार लहराते नजर आए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने मौके से एक धारदार पाटल बरामद किया है।
घटना के बाद पुलिस ने कई संदिग्ध छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात के बाद कॉलेज के छात्रों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मामले को देखते हुए पुलिस और कॉलेज प्रबंधन ने चुनाव के दौरान नियमों का सख्ती से पालन कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
एसपी सिटी की चेतावनी- चुनाव के नाम पर अराजकता की तो जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने उपद्रव करने वाले छात्रों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव के नाम पर गुंडागर्दी या अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज प्रबंधन को भेजा पत्र, लिंगदोह नियम लागू कराने के निर्देश
पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन को पत्र भेजकर परिसर में लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुसार चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। कॉलेज परिसर और आसपास अवैध रूप से खोले गए चुनावी कार्यालयों को हटाने के साथ ही पोस्टर-बैनर भी तत्काल हटाने को कहा गया है।
तहरीर मिलते ही FIR, हिरासत में लिए छात्रों से पूछताछ
एसपी सिटी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की जाएगी। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए छात्रों से पूछताछ की जा रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


