राजनीति हलचल- प्रणव सिंह चैंपियन का बड़ा ऐलान, दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव!

उत्तराखंड में साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। खानपुर से भाजपा के निवर्तमान विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने लंढौरा स्थित ऐतिहासिक रंगमहल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वो आगामी विधानसभा चुनाव में दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे।
प्रणव सिंह चैंपियन इन दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव!
दरअसल चैंपियन ने खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से भाजपा का टिकट मांगने और मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पेश करने की बात कही। बैठक में विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक पहुंचे। चैंपियन ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए दल्लावाला कन्या डिग्री कॉलेज की मंजूरी का भी जिक्र किया।
चैंपियन ने कहा, “क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ा…”
चैंपियन ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ सालों में क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ा है। उन्होंने सामाजिक भाईचारा मजबूत करने और सभी समाजों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों के लोग उनसे अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।
भाजपा से दोनों सीटों पर मांगेंगे टिकट
चैंपियन ने साफ किया कि वो भाजपा में हैं और दोनों विधानसभा सीटों से पार्टी का टिकट मांगेंगे। हालांकि, टिकट देने का अंतिम निर्णय भाजपा नेतृत्व करेगा। ऐसे में उनकी इस घोषणा से खानपुर और लक्सर की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बैठक में रानी देवयानी ने भी चुनावी तैयारियों का आगाज करने और भाजपा से टिकट मांगने की बात कही। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं से भविष्य की योजनाओं और चुनावी रणनीति पर सुझाव लिए गए।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


