हल्द्वानी में पुलिस सोई रही, एक ही रात में डीटीडीसी के तीन कोरियर स्टोर में लाखों की चोरी

हल्द्वानी। डीटीडीसी कोरियर के तीन अलग अलग स्टोर में एक ही रात में आधे-आधे घंटे के अंतराल में स्कार्पियो सवार नकाबपोशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
इसके बाद भी मित्र पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। हाल यह है कि कोरियर कंपनी संचालक ने इसकी लिखित शिकायत भी संबंधित थाना व चौकियों में की, लेकिन पुलिस ने एफआइआर तक दर्ज नहीं की। न ही इस चोरी की वारदात को उच्चाधिकारियों के साथ साझा किया।
रामपुर रोड, कालाढूंगी रोड व बरेली रोड में डीटीडीसी कोरियर सर्विस के तीन स्टोर हैं। मुखानी थाना क्षेत्र स्थित गौरा काम्पलेक्स में स्थित कोरियर सर्विस के नरेश सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 19 मई की रात वे अपने कार्यालय में ताला लगाकर घर को चले गए। इसके अगले दिन काम्पलेक्स के केयर टेकर ने उन्हें सुबह साढ़े पांच बजे फोन करके बताया कि उनके स्टोर के ताले कटे हुए हैं। इसके बाद पीड़ित नरेश तुरंत स्टोर पहुंचे।
जहां उन्होंने देखा की गल्ले से सात हजार रुपये नकद, कस्टमर का एक 17 हजार रुपये का मेडिकल किट पार्सल व 649 रुपये कीमत का बैग चोरी हो गया है। कहा कि सीसीटीवी फुटेज में चोरी करने वाले तीन नकाबपोश दिखाई दिए हैं। जो काले रंग की स्कार्पियो में नंबर प्लेट ढककर रात में पहुंचे।
अनुमान है कि चोरों ने करीब डेढ़ बजे चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसी तरह रामपुर रोड स्थित कोरियर कंपनी के संचालक योगेश ने भी टीपी नगर चौकी में तहरीर सौंपी।उसने भी 19 मई की रात स्टोर में चोरी की शिकायत की। कहा कि गल्ले से पांच हजार रुपये, तीन कस्टमरों के 10 हजार, आठ हजार व दो हजार वैल्यू के पार्सल चोरी हो गए हैं।
दोनों ने जब इसकी जानकारी बरेली रोड स्थित डीटीडीसी कोरियर की मेन ब्रांच में दी तो वहां से उन्हें पता चला की। यहां भी शटर के ताले काटकर चोर अंदर पहुंचे। लेकिन यहां उन्हें कुछ भी नहीं मिलने से उन्होंने पार्सल के लेटर फाड़ दिए और स्टोर से चले गए। तीनों संचालकों की मानें तो आधे-आधे घंटे के अंतराल में चोरी की वारदात हुई है।
शिकायत दर्ज नहीं हुई तो संचालक ने स्पीड पोस्ट से भी भेजी तहरीर
मुखानी कोरियर सर्विस के संचालक नरेश चौहान ने बताया कि जब वह तहरीर देने पहुंचे तो उन्हें इसकी रिसीविंग भी नहीं दी गई। रिसीविंग के लिए उन्हें बाद में आना कहकर टरका दिया गया। तहरीर की रिसीविंग रखने के लिए उन्होंने स्पीड पोस्ट से मुखानी थाने में तहरीर भेजी। इसके बाद उन्हें फोन में स्पीड पोस्ट डिलीवर करने का मैसेज आया है। उन्होंने कहा कि 20 मई को ही तहरीर सौंप दी गई थी। लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसी तरह बनभूलपुरा व हल्द्वानी थाना में भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई।
कोरियर स्टोर में ऐसा क्या ढूंढने पहुंचे थे नकाबपोश
स्कार्पियो सवार तीन नकाबपोश कोरियर स्टोर में ऐसा क्या ढूंढने पहुंचे थे। यह पहेली बनकर ही रह गया है। स्टोर संचालकों की मानें तो स्टोर में सिर्फ कस्टमर के कैश आन डिलीवरी पार्सल होते हैं। हालांकि इन पार्सलों में लाखों रुपये के कीमती सामान भी होते हैं। पुलिस ने बगैर प्राथमिकी लिखे ही मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी यही अंदाजा लगा रही है कि आखिर नकाबपोश कौन सा कीमती सामान या दस्तावेज चोरी करने पहुंचे थे।
देर रात तक पुलिस गश्त करती तो नहीं होती तीन चोरियां
पुलिस रात 11 बजे तक शहर में गश्त करती हुई दिखाई देती है। अगर देर रात तक पुलिस सड़कों पर गश्त करे तो इस तरह की वारदात नहीं होती। चोरों ने एक ही रात में तीन स्टोर खंगाल दिए हैं। पूर्व में राधिका ज्वेलर्स में हुई चोरी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त शुरू की। लेकिन अब दोबारा पुलिस की सुस्ती देखने को मिल रही है।
डीटीडीसी सर्विस की तीन लोकेशन में चोरी प्रकरण का मामला संज्ञान में है। पुलिस इसमें विधिक कार्यवाही कर रही है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। चोरी करके चोर कहां चले इसका भी लिंक तलाशा जा रहा है। इस मामले में तीन टीमें लगी हुई हैं। – मनोज कत्याल, एसपी सिटी
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नारायण मनराल के आगे नही चली विरोधियों की निर्विरोध बने पनियाली के उप प्रधान
खनन एवं वन विभाग की जुगलबंदी से अस्तित्व में आएगा संजीवनी वन