PNB करेंसी चेस्ट चोरी मामला: सीसीटीवी फुटेज से खुला राज; पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी हाउसकीपर
सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट से 4.33 लाख रुपये चोरी के आरोप में पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार गिरफ्तार हुआ है, …और पढ़ें
सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से 4.33 लाख रुपये चुराने के आरोपित पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से 20,200 रुपये भी बरामद हुए हैं। चोरी की जांच के दौरान ही चेस्ट में नकली नोटों का राजफाश हुआ था। करेंसी चेस्ट से पांच अगस्त को 111 करोड़ रुपये आरबीआइ, जयपुर भेजे गए थे।
इनमें गले, कटे व अन्य नोट थे। वहां गिनती में 4.33 लाख रुपये कम मिले थे। इसकी जांच शुरू हुई तो सीसीटीवी फुटेज में पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार गड्डियों से नोट निकालते हुए दिखा था। इसी जांच के दौरान चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोट भी बरामद हुए थे। 29 अगस्त को पीएनबी के मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे की ओर से नकदी चोरी और नकली नोट मामले में अलग-अलग तहरीर दी गई थी। चोरी के मामले में विशाल कुमार को नामजद किया गया था।
जाली नोट मामले में दो आरोपित अभी फरार
नकली नोट मिलने के मामले में पीएनबी के मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट के प्रबंधक सुशील कुमार व चेस्ट में कुछ दिन पहले तक तैनात रहे जगाधरी में पीएनबी की करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार को नामजद किया गया था। इसके बाद तीनों को निलंबित कर दिया गया था। मामले की जांच अब एनआइए कर रही है। अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो आरोपित फरार हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


