भाजपा में फिर शुरू होगा संगठनात्मक विस्तार, कार्यसमिति, कार्यकारिणी और मोर्चों को लेकर सामने आई बड़ी अपडेट
राज्यसभा चुनाव के बाद एक बार फिर से
भाजपा संगठनात्मक मजबूती के लिए संगठन विस्तार के लिए जुटने वाली है। बेहद जल्द प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कार्यकारिणी…
भोपाल : राज्यसभा चुनाव के बाद एक बार फिर से मध्य प्रदेश भाजपा संगठनात्मक मजबूती के लिए संगठन विस्तार के लिए जुटने वाली है। बेहद जल्द प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कार्यकारिणी का गठन करने वाले हैं। जो चुनावों की वजह से रुकी हुई थी।
दरअसल, खंडेलवाल के कार्यकाल की पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक भी अब तक आयोजित नहीं हो सकी है, जबकि पार्टी संविधान के अनुसार हर तीन महीने में कार्यसमिति की बैठक होना चाहिए। यही वजह है कि जल्द ही प्रदेश भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।
सूत्रों की मानें तो लगातार चुनावी व्यस्तताओं के कारण संगठन विस्तार की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। पहले विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा चुनावों के साथ-साथ अन्य राज्यों के चुनावों में भी मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता सक्रिय रहे, जिससे संगठनात्मक नियुक्तियां लगातार टलती चली गईं।
जल्द हो सकती है घोषणा
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के मुताबिक, कार्यकारिणी गठन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और पार्टी फिलहाल विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त है। उनके अनुसार प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कभी भी की जा सकती है।
वहीं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का कहना है कि जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां पूरी होते ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने भी जल्द कार्यकारिणी घोषित होने की उम्मीद जताई है।
कार्यसमिति बैठक का इंतजार
भाजपा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को नीति निर्धारण का सबसे महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली कार्यसमिति बैठक ओरछा में प्रस्तावित है। इस बैठक में आगामी चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और सरकार-संगठन समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होनी है।
हालांकि कार्यकारिणी का गठन न होने के कारण बैठक की तारीख तय नहीं हो सकी है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि इस देरी का असर संगठन की निर्णय प्रक्रिया पर भी पड़ रहा है।
जल्द होगीं विभिन्न मोर्चों में नियुक्तियां
सूत्रों के मुताबिक भाजपा संगठन विभिन्न मोर्चों में भी नियुक्तियां करने जा रहा है। जिनमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा समेत अधिकांश इकाइयों की प्रदेश कार्यकारिणी अभी तक घोषित नहीं हो पाई है। विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग मोर्चा में अभी भी 25 जिलों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति बाकी है। आगामी नगरीय निकाय, पंचायत और 2028 विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा के लिए अब संगठनात्मक ढांचे को जल्द पूरा करना बड़ी प्राथमिकता माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में भाजपा में जल्द बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


