नैनीताल में तड़के आग से मोमो की प्रसिद्ध दुकान खाक, बमुश्किल बची कर्मचारियों की जान

नैनीताल। शहर के मल्लीताल न्यू पालिका बाजार में तड़के प्रसिद्ध मोमो, चाउमीन सहित अन्य चाइनीज आइटम की दुकान में तड़के आग लग गई। दमकल विभाग की करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे मल्लीताल में तमांग फास्ट फूड में एकाएक आग भड़क उठी और चंद मिनटों में आग विकराल हो गई। इसी दौरान गैस सिलिंडर फटने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुकान स्वामी सुंदर बिष्ट की सूचना पर फायर विभाग के कमर्चारियों ने आग बुझाना शुरू किया।
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह पांच बजे दुकान में धुआं उठा तो अंदर सो रहे कर्मचारी घबरा गए और पीछे की खिड़की से तिब्बती बाजार की ओर से बाहर निकले। कर्मचारियों के बाहर निकलने के चंद मिनटों के बाद दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। आग की लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फास्ट फूड की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग बुझाने के दौरान दुकान का कर्मचारी साहिल घायल हो गया, जिसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
नैनीताल के तल्लीताल बाजार में शार्ट सर्किट से जूते की दुकान में लगी आग, मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू पालिका बाजार में एक-दूसरे से सटी दुकानें होने और कई दुकानों में गैस सिलेंडर व ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण यह घटना बेहद गंभीर थी। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो पूरी बाजार इसकी चपेट में आ सकती थी और बड़ा आर्थिक नुकसान होने के साथ जनहानि की भी आशंका थी।
एफएसओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


