मनोज पाठक का सेवा अभियान जारी, गांव के गौरव सम्मान समारोह” में समर्पित स्तंभों को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें

देवलचौड़, कालाढूंगी skt.com
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज पाठक के नेतृत्व में देवलचौड़ कालाढूंगी में “गांव के गौरव सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में गांव के उन समर्पित व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जो वर्षों से समाज सेवा, जनकल्याण एवं गांव के विकास में निस्वार्थ भाव से अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। समारोह में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गांव के उन प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों को “गांव के गौरव” सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो गांव की वास्तविक शक्ति एवं विकास के मजबूत आधार स्तंभ हैं। सम्मानित होने वालों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, शिक्षकगण, शिवभक्त, समाजसेवी एवं गांव की उन्नति में निरंतर योगदान देने वाले अनेक जागरूक नागरिक शामिल रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज पाठक ने कहा कि गांव की प्रगति केवल बड़े मंचों या नेतृत्व से नहीं, बल्कि उन लोगों के अथक प्रयासों से संभव होती है, जो वर्षों से समाज के बीच रहकर सेवा, संस्कार और विकास की अलख जगा रहे हैं। ऐसे समर्पित लोग गांव की सामाजिक व्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं और उनके योगदान को सम्मान मिलना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा,
“गांव की असली पहचान उसके उन लोगों से होती है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए कार्य करते हैं। ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा हैं।”

इस अवसर पर ग्राम प्रधान नेहा पांडे ने अपने संबोधन में मनोज पाठक द्वारा क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे जनहितकारी एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित व्यक्तियों एवं ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सम्मान, प्रेरणा और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

“गांव के गौरव सम्मान समारोह” के माध्यम से समाज के उन समर्पित व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया, जिनकी सेवा, मेहनत और समर्पण गांव को निरंतर नई दिशा प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम का समापन सभी सम्मानित व्यक्तियों के उज्ज्वल भविष्य एवं गांव के निरंतर विकास की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

इस अवसर पर कंचन सनवाल, नन्दाबल्लभ जोशी, जगदीश चंद्र बुढलाकोटि, मनोज पेटसाली, नरेंद्र सिंह सावंत, महेंद्र सिंह सावंत, चंदन सिंह बिष्ट, भगवंत सिंह अधिकारी, गोविन्द सिंह बोरा एवं तारा चंद्र खोलिया सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।