महिला बैंककर्मी को आधी रात को याद करते थे मैनेजर साहब, 2अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

बलिया के नगरा में एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी की शिकायत पर शाखा प्रबंधक समेत दो अधिकारियों के खिलाफ …और पढ़ें

बलिया में महिला बैंककर्मी उत्पीड़न: शाखा प्रबंधक और क्लस्टर हेड पर मुकदमा।
बलिया में महिला बैंककर्मी उत्पीड़न: शाखा प्रबंधक और क्लस्टर हेड पर मुकदमा।

नगरा (बलिया)। रतसर कस्बे में स्थित एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने शाखा प्रबंधक समेत दो अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला कर्मचारी ने शाखा प्रबंधक पर देर रात तक मोबाइल पर संदेश भेजकर परेशान करने, गलत कार्य के लिए दबाव बनाने और आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, वह बैंक में रिलेशनशिप आफिसर के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि शाखा प्रबंधक अखोरी कुनाल रंजन सिन्हा देर रात तक मोबाइल पर संदेश भेजकर महिला को परेशान करते थे। मह‍िला के असहज होने की स्‍थ‍िति‍ को लेकर आख‍िरकार शि‍कायत दर्ज करानी पड़ी।   

तीन सितंबर को फील्ड में बैठक के लिए जाने के दौरान शाखा प्रबंधक के वहां पहुंचने और अपनी बाइक पर बैठने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि इन्कार करने पर उसे रास्ते से उठवा लेने और जबरदस्ती करने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने अपने भाई को बुलाया और उसके साथ घर चली गई।

महिला कर्मचारी ने बताया कि उसने मामले की जानकारी क्लस्टर हेड शशांक वर्मा को भी दी थी। आरोप है कि क्लस्टर हेड ने भी नौकरी बचाने के लिए शाखा प्रबंधक के कहे अनुसार चलने का दबाव बनाया। हालांकि, क्लस्टर हेड ने लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला बैंक कर्मचारी की तहरीर पर गड़वार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज होने के बाद बैंक प्रबंधन ने शाखा में बदलाव किया है। बैंक से जुड़े लोगों के अनुसार आरोपित शाखा प्रबंधक और महिला कर्मचारी को हटा दिया गया है। बुधवार को रितेश कुमार ने नए शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यभार संभाल लिया।

ADVERTISEMENTS