LPG Crisis: अल्मोड़ा में होटल कारोबार पर संकट, 250 होटल और 250 होम स्टे प्रभावित; पर्यटक परेशान
अल्मोड़ा में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार संकट में है। लगभग 250 होटल और 250 होम स्टे प्रभावित हैं, जिससे पर्यटकों को …और पढ़ें
अल्मोड़ा । जिले में घरेलू गैस सिलिंडर के लगभग एक लाख 74 हजार उपभोक्ता हैं, जबकि व्यावसायिक सिलिंडर के केवल 2264 उपभोक्ता पंजीकृत हैं। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बाधित होने के कारण कुछ होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यावसायिक सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो होटल और रेस्टोरेंट चलाना मुश्किल हो जाएगा। पर्यटन सीजन के दौरान इस तरह की स्थिति से पर्यटन कारोबार को भी नुकसान हो सकता है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए संबंधित एजेंसियों से समन्वय किया जा रहा है। यदि कहीं कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
गैस संकट से पर्यटकों को भी होने लगी दिक्कत
अल्मोड़ा : जिले में गैस सिलिंडर संकट का असर अब पर्यटकों पर भी दिखाई देने लगा है। कई पर्यटन आवास गृहों, होम स्टे और होटलों में गैस की कमी के कारण पर्यटकों को पर्याप्त भोजन उपलब्ध नहीं हो रहा है। कई स्थानों पर केवल नाश्ते तक ही व्यवस्था सीमित हो गई है। जिले में छोटे-बड़े मिलाकर लगभग 250 होटल और रेस्टोरेंट संचालित हैं, जबकि करीब 250 होम स्टे भी पंजीकृत हैं।
व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी के कारण इन सभी प्रतिष्ठानों को भोजन व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाई हो रही है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो पर्यटन सीजन में आने वाले पर्यटकों को असुविधा झेलनी पड़ सकती है। इससे जिले की पर्यटन छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
घरेलू सिलिंडर से हो रही व्यावसायिक सिलिंडरों की रिफिल
अल्मोड़ा : कामर्शियल गैस सिलिंडर की कमी के चलते कई होटल और रेस्टोरेंट संचालक घरेलू गैस सिलिंडरों का सहारा लेने लगे हैं। जानकारी के अनुसार कुछ स्थानों पर घरेलू सिलिंडरों से व्यावसायिक सिलिंडरों को रिफिल करने की भी कोशिशें की जा रही हैं, ताकि होटल और रेस्टोरेंट का काम जारी रखा जा सके
वन निगम को आदेश का इंतजार
अल्मोड़ा : व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक के कारण उत्पन्न संकट से निपटने के लिए सरकार ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को लकड़ी उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इसके लिए वन निगम को व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है।
हालांकि स्थानीय स्तर पर वन निगम के अधिकारियों का कहना है कि अब तक उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार जैसे ही शासन से निर्देश मिलेंगे, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर होटल और रेस्टोरेंट संचालक जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि उनका कारोबार प्रभावित न हो और पर्यटन गतिविधियां भी सुचारू रूप से चल सकें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नारायण मनराल के आगे नही चली विरोधियों की निर्विरोध बने पनियाली के उप प्रधान
खनन एवं वन विभाग की जुगलबंदी से अस्तित्व में आएगा संजीवनी वन