हल्द्वानी – मुखानी चौराहा फ्लाईओवर और जाम मामले में हाईकोर्ट सख्त, सरकार से पूछा अतिक्रमण ……………

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी – नैनीताल हाईकोर्ट ने हल्द्वानी के मुखानी चौराहा को जाम मुक्त कराने और फ्लाईओवर निर्माण की मांग से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और जिलाधिकारी नैनीताल से दो सप्ताह के भीतर प्रगति रिपोर्ट तलब की है। कोर्ट ने पूछा कि जब हल्द्वानी के अन्य प्रमुख चौराहों से अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण किया जा चुका है, तो मुखानी चौराहा पर चिन्हित अतिक्रमण अब तक क्यों नहीं हटाया गया। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की।

2018 में हुआ था सर्वे, रिपोर्ट अब तक नहीं –
जनहित याचिका सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता पूरन चंद्र जोशी ने दायर की है। याचिका में कहा गया है कि वर्ष 2018 में मुखानी चौराहा पर लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसके लिए प्रशासन ने लाखों रुपये खर्च कर सर्वे भी कराया, लेकिन वर्षों बाद भी सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई और न ही परियोजना पर कोई ठोस कार्रवाई हुई।

याचिकाकर्ता का कहना है कि मुखानी चौराहा सुशीला तिवारी (एसटीएच) अस्पताल सहित कई प्रमुख अस्पतालों और संस्थानों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। यहां प्रतिदिन घंटों जाम लगने से मरीजों, छात्रों, कर्मचारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सरकार ने कोर्ट को दी यह जानकारी –
राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि हल्द्वानी के अन्य प्रमुख चौराहों से अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा चुका है। मुखानी चौराहा पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और 71 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। सरकार ने यह भी कहा कि फ्लाईओवर का निर्माण एक दीर्घकालिक परियोजना है। फिलहाल यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क चौड़ीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।

दो सप्ताह में देनी होगी प्रगति रिपोर्ट –
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सरकार और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि मुखानी चौराहा से अतिक्रमण हटाने और यातायात सुधार के लिए की जा रही कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर अदालत में प्रस्तुत की जाए। यह मामला हल्द्वानी की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लंबे समय से लंबित फ्लाईओवर परियोजना को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर महत्वपूर्ण सवाल खड़े करता है

ADVERTISEMENTS Ad