1400 साल तक जिंदा रहेगा इंसान! सुपरइंटेलिजेंट के कमाल से बुढ़ापा हो जाएगा बाइपास, समझिए इसके पीछे का पूरा गणित

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

स्वीडिश दार्शनिक निक बोस्ट्रोम का अनुमान है कि अगर इंसान के शरीर में उम्र बढ़ने की प्रक्रिया रुक जाए, तो उसकी संभावित उम्र 1,400 साल तक हो सकती है।

1400 साल तक जिंदा रहेगा इंसान! सुपरइंटेलिजेंट के कमाल से बुढ़ापा हो जाएगा बाइपास, समझिए इसके पीछे का पूरा गणित

Humans Life: जरा सोचिए, अगर इंसान की उम्र 70-80 या 100 साल नहीं, बल्कि 1,400 साल हो जाए तो दुनिया कैसी होगी? आप अपने परिवार की कई पीढ़ियों को एक साथ देख पाएंगे, इतिहास को किताबों में पढ़ने के बजाय खुद उसके गवाह बन सकेंगे और शायद इंसान को बुढ़ापे के डर से भी छुटकारा मिल जाए। सुनने में यह किसी हॉलीवुड फिल्म की कहानी जैसा लगता है, लेकिन स्वीडिश दार्शनिक और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर निक बोस्ट्रोम ने एक ऐसी ही संभावना पर चर्चा की है। उनका मानना है कि अगर विज्ञान इंसान के शरीर में होने वाली उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को रोकने में कामयाब हो जाए, तो इंसान की उम्र औसतन 1,200 से 1,400 साल तक हो सकती है।

ADVERTISEMENTS

बोस्ट्रोम ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में यह बात कही। उन्होंने बताया कि अगर इंसान का शरीर बूढ़ा होना बंद कर दे और उसकी मौत का सालाना जोखिम कम उम्र के स्वस्थ व्यक्ति के बराबर बना रहे, तो उसकी संभावित जीवन अवधि 1,400 साल के आसपास पहुंच सकती है। हालांकि, यह कोई साबित हो चुकी वैज्ञानिक खोज या इंसान को अमर बनाने का दावा नहीं है। यह कुछ खास मान्यताओं पर आधारित गणितीय अनुमान है। बोस्ट्रोम का मानना है कि भविष्य में सुपरइंटेलिजेंट AI यानी बेहद उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मेडिकल साइंस और बायोलॉजी में इतनी तेजी ला सकता है कि उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को समझना और उस पर काबू पाना संभव हो सके।

1,400 साल की उम्र का गणित क्या है?

निक बोस्ट्रोम ने अपनी 2026 की वर्किंग पेपर ‘Optimal Timing for Superintelligence’ में इस अनुमान के पीछे का गणित समझाया है। उनके मुताबिक, विकसित देशों में 20 से 25 साल की उम्र के स्वस्थ लोगों की हर साल मौत होने का जोखिम लगभग 0.05 से 0.08 प्रतिशत के बीच रहता है। उन्होंने अपने उदाहरण में इस जोखिम को 0.07 प्रतिशत माना है।

अब इस गणित को आसान भाषा में समझिए। आमतौर पर जैसे-जैसे इंसान की उम्र बढ़ती है, उसके शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। कोशिकाओं और टिश्यू को नुकसान पहुंचता है, अंगों की काम करने की क्षमता कमजोर होने लगती है और गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। यही वजह है कि उम्र बढ़ने के साथ मौत का जोखिम भी तेजी से बढ़ता है।

लेकिन बोस्ट्रोम का अनुमान है कि अगर विज्ञान शरीर में होने वाली उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को खत्म कर दे और इंसान का सालाना मृत्यु जोखिम 0.07 प्रतिशत पर ही बना रहे, तो उसकी बची हुई औसत जीवन अवधि करीब 1,400 साल हो सकती है। उन्होंने अपने पेपर में इसका गणित इस तरह समझाया है कि 1 को 0.0007 से भाग देने पर 1,400 का आंकड़ा मिलता है।

इसका मतलब यह नहीं है कि इंसान 1,400 साल तक मर ही नहीं सकता। दुर्घटना, हिंसा और दूसरी वजहों से मौत का खतरा तब भी बना रहेगा। यह अनुमान सिर्फ इस कल्पना पर आधारित है कि उम्र बढ़ने से पैदा होने वाला अतिरिक्त मृत्यु जोखिम खत्म हो जाए और इंसान लंबे समय तक स्वस्थ युवा व्यक्ति जैसी स्थिति में बना रहे।

क्या सच में इंसान हमेशा जवान रह पाएगा?

निक बोस्ट्रोम की 1,400 साल तक जीने की कल्पना बेहद दिलचस्प है, लेकिन आज की मेडिकल साइंस और उस भविष्य के बीच बहुत लंबी दूरी है। फिलहाल ऐसा कोई स्थापित इलाज मौजूद नहीं है, जो इंसान के शरीर में उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को पूरी तरह रोक सके। न ही इस बात का कोई प्रमाण है कि आज के AI सिस्टम मेडिकल साइंस में वैसा बड़ा बदलाव ला सकते हैं, जिसकी कल्पना बोस्ट्रोम कर रहे हैं।

फिर भी उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को समझने, बीमारियों का इलाज खोजने और शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ रखने की दिशा में रिसर्च जारी है। आने वाले समय में AI इस काम को कितनी तेजी से आगे बढ़ाता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

ADVERTISEMENTS