हल्द्वानी: युवक ने लगाई फांसी, दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार की मौत

हल्द्वानी के मुखानी में ट्यूशन टीचर ने संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर जान दी, वहीं बरेली रोड पर गलत दिशा से आ रहे वाहन ने स्कूटी सवार को रौंदा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
हल्द्वानी। शहर में दो अलग-अलग दुखद घटनाओं ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पहली घटना मुखानी थाना क्षेत्र की है, जहां 23 वर्षीय एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वहीं दूसरी घटना बरेली रोड स्थित मोती नगर चौराहे के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामलों की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
मुखानी में ट्यूशन टीचर ने फंदा लगाकर की खुदकुशी मुखानी के गोविंदपुर निवासी 23 वर्षीय हिमांशु सिंह पुत्र बहादुर सिंह घर पर ही छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। बुधवार शाम जब घर में कोई मौजूद नहीं था, तब हिमांशु ने कमरे की खिड़की पर मैक्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजन जब घर वापस लौटे तो उन्होंने तुरंत हिमांशु को फंदे से नीचे उतारा और निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन रातभर शव को घर में रखे रहे और गुरुवार सुबह मुखानी पुलिस को इसकी सूचना दी। एसएचओ सुशील जोशी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मोती नगर के पास गलत दिशा से आ रहे वाहन ने ली जान दूसरी तरफ, बरेली रोड पर मोती नगर के पास गुरुवार रात एक और सड़क हादसा हो गया। लालकुआं के सुभाष नगर निवासी 30 वर्षीय रहीम खान पुत्र याकूब अली अपनी स्कूटी से हाईवे कट से आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रहे ‘छोटा हाथी’ कमर्शियल वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रहीम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।
पुलिस ने आरोपी चालक को लिया हिरासत में घटनास्थल पर एकत्रित भीड़ ने गुस्सा जाहिर करते हुए वाहन चालक को घेर लिया। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी तुरंत मौके पर पहुंचे और उग्र स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के समय पर न पहुंचने पर भी कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



हत्या भी ऐसी की पुलिस ढूढती रह गई डेड बॉडी