हल्द्वानी- मोटर पार्ट्स की दुकानों पर आरटीओ का छापा, काली फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर की तलाश में पहुंची टीम

तिकोनिया वर्कशॉप लाइन में जांच अभियान, अधिकांश दुकानें बंद मिलने से कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी; दुकानदारों को थमाए नोटिस
हल्द्वानी। शहर में नियमों के खिलाफ कारोबार करने वाले मोटर पार्ट्स विक्रेताओं पर अब आरटीओ प्रवर्तन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के निर्देश पर प्रवर्तन दल ने तिकोनिया स्थित वर्कशॉप लाइन में दुकानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जैसी प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री और उपलब्धता को लेकर जांच की गई। साथ ही कुछ दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए।
हालांकि, अभियान के दौरान उस समय स्थिति असहज हो गई, जब मोटर पार्ट्स की अधिकांश दुकानें बंद मिलीं। दुकानों के बंद होने के कारण प्रवर्तन दल को जांच में दिक्कतों का सामना करना पड़ा और अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मोटर पार्ट्स कारोबारियों में हलचल मच गई।
इधर, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष योगेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं किए जाने की बात कही।
आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों के विरुद्ध प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री और वाहनों में अवैध बदलाव को लेकर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य मोटर पार्ट्स प्रतिष्ठानों पर भी जांच अभियान चलाया जाएगा।
आरटीओ की इस कार्रवाई के बाद अब मोटर पार्ट्स कारोबारियों पर विभाग की निगरानी बढ़ने के आसार हैं। आने वाले दिनों में अभियान किस स्तर तक पहुंचता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


