हल्द्वानी-हिंदूवादी संगठनों ने पकड़े गौमांस से भरे पिकअप वाहन, पुलिस और वन कर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप,देखे वीडियो

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

हिंदूवादी संगठनों ने पकड़े गौमांस से भरे पिकअप वाहन, पुलिस और वन कर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप hungama haldwani

कालाढुंगी क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दो पिकअप वाहनों को पकड़ा, जिनमें कथित रूप से गौमांस भरा हुआ था। संगठनों का आरोप है कि बैलपड़ाव पुलिस और वन विभाग के कुछ कर्मियों ने पैसे लेकर वाहनों को चौकी से जाने दिया।

ADVERTISEMENTS

video link-https://youtu.be/dMVLVr29e6I?si=2BEHxoAzozUOJhZo

संगठन ने की चौकी इंचार्ज को निलंबित करने की मांग

मामला बैलपड़ाव चौकी क्षेत्र का है। घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों में गुस्सा फैल गया। संगठनों ने आरोप लगाया कि बैलपड़ाव चौकी में बैठे पुलिसकर्मियों और फॉरेस्ट विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से यह अवैध मांस तस्करी हो रही है। उन्होंने चौकी इंचार्ज को तत्काल निलंबित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पैसे लेकर गाड़ी छोड़ने के आरोप

हिंदूवादी संगठन के नेता मदन जोशी ने बताया कि आज सुबह हमारे कार्यकर्ताओं ने दो पिकअप वाहन पकड़े, जिनमें मांस भरा हुआ था। पुलिस और फॉरेस्ट विभाग के अधिकारियों ने कथित रूप से पैसे लेकर इन गाड़ियों को छोड़ दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास इस लेन-देन के स्क्रीनशॉट मौजूद हैं और पकड़े गए एक युवक ने खुद स्वीकार किया है कि उसने पुलिस को पैसे दिए हैं ताकि वह गाड़ी लेकर जा सके।

संगठन ने की पुलिस और फॉरेस्ट कर्मियों पर कार्रवाई की मांग

मदन जोशी ने कहा,हमारे कार्यकर्ताओं ने मौके पर एक युवक को पकड़ा, जबकि बाकी लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। वाहन के अंदर मांस भरा हुआ था, जिसकी तस्वीरें और सबूत हमारे पास हैं। जोशी ने मामले को गंभीर बताते हुए मांग की है कि बैलपड़ाव पुलिस और फॉरेस्ट कर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मामले की जांच जारी

उधर रामनगर कोतवाली के कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा जो भी व्यक्ति या अधिकारी इस प्रकरण में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। वाहनों के मालिक की भी जांच चल रही है।

संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी

संगठनों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे बैलपड़ाव चौकी के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पुलिस चौकी से मांस से लदे वाहन कैसे निकल गए। मामला अब जिला स्तर पर तूल पकड़ने लगा है। प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है कि वह दोषियों पर जल्द कार्रवाई करे। फिलहाल बैलपड़ाव चौकी पर अभी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल भी तैनात है।

ADVERTISEMENTS