सोना हुआ सस्ता: PM मोदी की अपील के बाद अचानक गिर गए दाम, खरीदने वालों की लग गई लॉटरी

ख़बर शेयर करें

नई दिल्ली। अगर आप भी सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में आज गिरावट दर्ज की गई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में की गई ‘सोना न खरीदने’ की अपील का असर अब बाजार पर साफ दिखने लगा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज 24 कैरेट सोने का भाव करीब 580 रुपये गिर गया है।

बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी

पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और निवेशकों द्वारा की गई प्रॉफिट बुकिंग की वजह से शुक्रवार को स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें सुस्त रहीं। हालांकि, फ्यूचर मार्केट में मांग और ट्रेडर्स की खरीदारी की वजह से कीमतों में थोड़ा बहुत उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का वायदा भाव 0.38% टूटकर 1,51,944 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है, जबकि पिछले सत्र में यह 1,52,530 रुपये पर बंद हुआ था।

दिल्ली सर्राफा बाजार में क्या है रेट?

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के आंकड़ों के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में 99.9% शुद्धता वाले (24 कैरेट) सोने का भाव 100 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इससे पहले गुरुवार को सोना 1,56,000 रुपये के ऊंचे स्तर पर था। वहीं, 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 100 रुपये सस्ता होकर 1,55,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। वैश्विक बाजार की बात करें तो वहां स्पॉट गोल्ड में 0.7% की तेजी देखी गई और यह 4,721 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है।

MCX और फ्यूचर मार्केट का हाल

स्पॉट डिमांड में मजबूती आने की वजह से शुक्रवार को फ्यूचर मार्केट में सोने की कीमतों में कुछ समय के लिए तेजी भी देखी गई थी। अगस्त डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट का भाव MCX पर 689 रुपये उछलकर 1,52,950 रुपये प्रति 10 ग्राम तक भी पहुंचा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों का असर भारतीय वायदा बाजार पर भी स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

चांदी की चमक बढ़ी, जानें ताजा भाव

एक तरफ जहां सोने की कीमतों में गिरावट है, वहीं दूसरी तरफ चांदी की कीमतों में मामूली बढ़त देखने को मिल रही है। ताज़ा जानकारी के मुताबिक, 3 जुलाई 2026 को एक्सपायर होने वाली चांदी के दाम में 400 रुपये से ज्यादा का उछाल आया है। फिलहाल चांदी बाजार में 2,62,200 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊंचे स्तर पर ट्रेड कर रही है।