हल्द्वानी में गरजा प्रशासन का बुलडोजर,नोटिस के बाद भी नहीं हटे अतिक्रमण

तीनपानी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई, 25 से 30 स्ट्रक्चरों से हटाया अतिक्रमण
हल्द्वानी। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को बुलडोजर चला दिया। तीनपानी से नरीमन चौराहे होते हुए काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन और यूयूएसडीए की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान करीब 25 से 30 स्ट्रक्चरों से अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि नैनीताल-बरेली मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग है। इस पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की परियोजना पर काम चल रहा है। इसके तहत अतिक्रमण की जद में आ रहे लोगों को करीब आठ से नौ महीने पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया।
प्रशासन ने बरसात के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होने और दशहरे के त्योहार को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त समय भी दिया था। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर गुरुवार को संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। जेसीबी की मदद से सड़क चौड़ीकरण की राह में आ रहे निर्माणों को हटाया गया।
शुक्रवार को भी जारी रहेगी कार्रवाई
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अभी शेष क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाया जाना है। शुक्रवार को दोपहर तीन बजे के बाद यदि संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने से इस व्यस्त मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने और आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत देओल समेत प्रशासन और यूयूएसडीए की टीम मौजूद रही
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


