ऑफिस से घर लौटते समय महिला अधिकारी लापता, 22 दिन पहले हुई थी शादी, मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें

जानकारी के मुताबिक अथमलगोला प्रखंड के कृषि भवन में बीटीएम पद पर तैनात महिला अधिकारी शुक्रवार शाम को ऑफिस से घर लौटते समय लापता हो गई। पीड़िता के भाई ने इस संबंध में बख्तियारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

Archana Dipti - India TV Hindi
अर्चना दीप्ति, अधिकारी

पटना: बिहार के बख्तियारपुर में एक महिला अधिकारी के लापता होने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। महिला अधिकारी की शादी 22 दिन पहले हुई थी। महिला अधिकारी बख्तियारपुर के अथमलगोला प्रखंड में तैनात थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कृषि भवन में बीटीएम पद पर तैनात 

जानकारी के मुताबिक अथमलगोला प्रखंड के कृषि भवन में बीटीएम पद पर तैनात महिला अधिकारी शुक्रवार शाम को ऑफिस से घर लौटते समय लापता हो गई। पीड़िता के भाई ने इस संबंध में बख्तियारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। 

ऑटो लेकर बख्तियारपुर के लिए निकली थी

उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि मेरी बहन कार्यालय बंद होने के बाद पटना के अथमलगोला से ऑटो लेकर बख्तियारपुर अपने आवास के लिए निकली, लेकिन आवास पहुंचने से पहले ही उसका मोबाइल ऑफ हो गया और लापता हो गई। अनहोनी की आशंका से परेशान उनके परिजनों ने थाने पहुंचकर जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने  मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पटना के अथमलगोला एवं बख्तियारपुर क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। लोकेशन के आधार पर सकुशल बरामदगी के लिए छापेमारी में पटना पुलिस जुट गई है। पीड़िता के भाई ने बताया कि बख्तियारपुर थाना पुलिस का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। सूत्रों की मानें तो कई बिंदुओं को सामने रखकर पुलिस जांच कर रही है।

शाम 4 बजे के बाद से फोन स्विच ऑफ

महिला अधिकारी के भाई ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे के बाद बात नहीं हो पायी है। महिला अधिकारी की शादी 22 दिन पहले ही हुई है। उसके पति चार्टर अकाउंटटेंट हैं। महिला अधिकारी के पति बताया कि अन्य दिनों की तरह ही पत्नी सुबह साढ़े 9 बजे घर से निकली और दिन में दोपहर 2 बजे तक बात हुई, फिर उसके बाद बातचीत नहीं हुई है।  गायब होने वाली महिला अधिकारी मूल रूप से पटना के विजय नगर की रहने वाली हैं और बख्तियारपुर जंक्शन के पास किराए के मकान में रहती थीं।