चंदन जीना के घर ED रेड, हरदा ने जांच एजेंसियों को दी खुली चुनौती, बोले मेरा पूरा कार्यकाल जांचो

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

 

harish rawat resigned

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने अपने पूर्व OSD चंदन जीना के आवास पर ED की कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया है। रावत ने कहा कि चंदन जीना सरकार में कोई निर्णय लेने वाले व्यक्ति नहीं थे। हरदा ने कहा कि ED, CBI समेत सभी जांच एजेंसियां उनके तीन साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल की पूरी जांच कर सकती हैं।

मेरे पूरे कार्यकाल की जांच करा लें: हरदा

हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करा कहा कि उनके कार्यकाल में हुए फैसलों और नियुक्तियों की भी जांच की जाए और अगर कहीं पद का दुरुपयोग हुआ हो तो उसे सामने लाया जाए। रावत ने चंदन जीना का बचाव करते हुए कहा कि वह वर्ष 1991 से उनके साथ काम कर रहे हैं और उन्होंने निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई है।

मेरे खिलाफ किया जा रहा दुष्प्रचार: हरीश रावत

हरदा ने उन चर्चाओं को भी खारिज किया, जिनमें चंदन जीना के घर से बरामद कथित रकम को उनका पैसा बताया जा रहा है। रावत ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन खुली किताब है और उन्होंने लोगों से पैसा नहीं, बल्कि लोग कमाए हैं। हरीश रावत ने कहा कि उनके खिलाफ लगातार दुष्प्रचार किया जा रहा है और उनके करीब छह दशक के सार्वजनिक जीवन को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। 

मेरे कार्यकाल में 42 हजार अभ्यर्थियों को मिली थी नौकरी: हरदा

हरीश रावत ने उत्तराखंड की जनता से ऐसे प्रचार का जवाब देने की अपील भी की। रावत ने अपने कार्यकाल में हुई भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 42 हजार अभ्यर्थियों को नौकरी मिली थी और 18 हजार पदों की भर्ती का अधियाचन जारी किया गया था। उन्होंने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हुई चूक को भी स्वीकार किया और कहा कि इसके लिए वह पहले भी माफी मांग चुके हैं। हरीश रावत ने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह वीडियो और वैन के जरिए भी अपनी बात जनता तक पहुंचाएंगे

ADVERTISEMENTS