हल्द्वानी में युवक पर जानलेवा हमला, महिला मित्र की सहेली ने साथियों से करवाया हमला

हल्द्वानी । काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार शाम एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बेस अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-13 राजपुरा निवासी हेम आर्या गुरुवार पांच मार्च को शाम करीब पांच बजे अपनी महिला मित्र को लेने काठगोदाम पहुंचा था। इस दौरान काठगोदाम में एक चाय कैफे के सामने रेलवे स्टेशन के पास महिला मित्र की दोस्त अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंची। इस दौरान महिला मित्र की दोस्त ने अपने साथियों के साथ हेम आर्या पर चाकू से हमला करवा दिया।
घायल हेम की महिला मित्र ने पुलिस को बताया कि हमलावर कार, बाइक और आटो रिक्शा से मौके पर पहुंचे थे। हमले में हेम आर्या के पेट में दो स्थानों पर गहरे कट लगने के साथ हाथ में भी चोट आई। हेम के घायल होने पर उसकी महिला मित्र वहां मौके पर बेहोश हो गई। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे।
इस बीच हेम के दोस्त विवेक कश्यप और जितेंद्र कश्यप ने उसे तुरंत बाइक से बेस अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हमलावरों में से दो आरोपितों को घायल युवक के दोस्त कार में बैठाकर हल्द्वानी कोतवाली में ले आए और पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पीड़ित की मां बच्ची देवी ने थाना काठगोदाम में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर, काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी उन्हें तहरीर नहीं मिली है, पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
बेस अस्पताल में जमकर किया हंगामा, घायल युवक को गेट तक ले आए दोस्त
गुरुवार की शाम घायल युवक के इलाज न करने का आरोप लगाकर उसके दोस्त उसे अस्पताल से स्ट्रेचर में रखकर गेट तक पहुंच गए। इस दौरान घायल युवक के दोस्तों ने हंगामा काटा। उन्होंने कहा कि घायल हेम का अस्पताल में इलाज नहीं किया जा रहा है। उसे रेफर करने की जरूरत है। वहीं अस्पताल में मौजूद एक चिकित्सक ने बताया कि घायल युवक को रेफर करने के कागज तैयार किए जा रहे हैं। युवक को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नारायण मनराल के आगे नही चली विरोधियों की निर्विरोध बने पनियाली के उप प्रधान
खनन एवं वन विभाग की जुगलबंदी से अस्तित्व में आएगा संजीवनी वन