मतदाता सूची पर भाजपा की पैनी नजर, कर रही जमीनी पड़ताल

ख़बर शेयर करें

भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची का गहन सत्यापन कर रही है। पार्टी पदाधिकारियों को सूची सौंपकर जमीनी स्तर पर पड़ताल करने को …और पढ़ें

News Article Hero Image
छूटे नामों की खोज में जुटे पार्टी कार्यकर्ता, सत्यापन के लिए घर-घर पहुंचेंगे।

 चुनावी तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची के गहन अध्ययन और सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है। हाल ही में जारी मतदाता सूची पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सौंप दी गई है, ताकि वह इसे जमीनी स्तर पर बारीकी से परख सकें।

गोरखपुर।इस कवायद को केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम के रूप में पार्टी कार्यकर्ता ले रहे हैं।उसी प्रतिबद्धता के साथ सूची में शामिल मतदाताओं पर अध्ययन कर रहे हैं।

पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार सबसे अधिक जोर उन मतदाताओं की पहचान पर दिया जा रहा है, जिनके नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, जबकि उनके आवेदन पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा समय रहते भरवाए गए थे। इसके लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है।

उनसे अपील की गई है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची का मिलान करें और छूटे हुए नामों की अलग सूची तैयार करें। ताकि चुनाव से पहले उन्हें मतदाता सूची का हिस्सा बनाया जा सके। इस प्रक्रिया में यह भी जांच की जा रही है कि कहीं तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से नाम हटे तो नहीं हैं। यदि ऐसे मामले सामने आते हैं, तो समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें दोबारा सूची में शामिल कराने का प्रयास पार्टी कार्यकर्ता करेंगे।

जरूरत पड़ने पर इस कार्य में वरिष्ठ पदाधिकारियों की मदद भी लेंगे। पार्टी का स्पष्ट रूप से मानना है कि मतदाता सूची का यह सूक्ष्म अध्ययन चुनावी परिणामों पर सीधा प्रभाव डाल सकता है। नए और प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं पर पार्टी का विशेष फोकस है।

मतदाता सूची में शामिल नए नामों को चिन्हित कर उनसे संपर्क स्थापित करने की योजना बनाई गई है। पार्टी इन युवाओं को अपनी नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए अलग रणनीति पर काम कर रही है।

मतदाता सूची को चुनावी उपकरण मान रही भाजपा
भाजपा की स्थानीय इकाइयों ने मतदाता सूची के अध्ययन को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई है। हर बूथ पर सूची का सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कोई भी समर्थक मतदाता छूटने न पाए।

दरअसल, भाजपा मतदाता सूची को एक ऐसा प्रभावी चुनावी उपकरण मान रही है, जो चुनाव के परिणाम को प्रभावित करने में मुख्य भूमिका निभाएगा। इसे लेकर की गई थोड़ी भी लापरवाही परिणाम की दिशा बदल जाएगी।