इस दिग्गज नेता के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से भाजपा नेता के बेटे की मौत
भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाकर स्वजन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाम छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया
गोरखपुर: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से बुधवार दोपहर भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाकर स्वजन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाम छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे जिलाधिकारी और एसएसपी के आश्वासन पर रात आठ बजे धरना समाप्त हुआ, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
10वीं का स्टूडेंट था आर्यवर्धन
आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे उनका बड़ा बेटा आर्यवर्धन पैदल अपनी बहन समृद्धि को लेने चौराहे की ओर जा रहा था। हालांकि, पुलिस का दावा है कि आर्यवर्धन स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान रोड शो में शामिल बैकहो लोडर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे तत्काल एम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था।
मौके पर पहुंचे डीएम, एसएसपी
हादसे से नाराज स्वजन ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम की सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ। कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। ओंकार सिंह ने रोड शो में बैकहो लोडर शामिल कराने वाले आयोजक और चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
मेयर व विधायक ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढाढ़स
हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महापौर डॉ। मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने स्वजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढाढ़स बंधाया।
स्वजन की मांगों को गंभीरता से लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
दीपक मीणा, डीएम
हादसे के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैकहो लोडर चालक और आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। किशोर स्कूटी से जा रहा था।
डॉ। कौस्तुभ, एसएसपी
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


