BJP मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, PM मोदी दें इस्तीफा…’, शहजाद पूनावाला का बड़ा हमला

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

Poonawalla Criticises PM: भाजपा से इस्तीफा देने के बाद शहजाद पूनावाला ने बरखा दत्त के पॉडकास्ट में पेपर लीक, भाजपा की कार्यशैली, पीएम मोदी और राहुल गांधी को लेकर खुलकर अपनी राय रखी।

Shehzad Poonawalla Criticises PM Modi
Image Source- Social Media

Poonawalla Criticises PM: भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के बाद शहजाद पूनावाला ने एक पॉडकास्ट में पार्टी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी तक कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी है। वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त के साथ ‘इनसाइड आउट’ पॉडकास्ट में शहजाद पूनावाला ने भाजपा छोड़ने की वजह और अपनी आगे की जर्नी को लेकर भी बात की। इस दौरान उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी और पेपर लीक आंदोलन (Paper Leak Movement) को संभालने के भाजपा के तरीके पर भी सवाल उठाए।

सबसे ज्यादा चर्चा उनके उस बयान की रही, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ‘बुरा तानाशाह’ बताया। शहजाद पूनावाला ने पीएम मोदी से इस्तीफा देने तक की मांग कर दी। हालांकि, इसी बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अब भी दूसरी पार्टियों के मुकाबले सबसे बेहतर है।

‘भाजपा मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती’

शहजाद पूनावाला ने भाजपा छोड़ने के बाद पार्टी के खिलाफ खुलकर बोलने को लेकर कहा कि अब भाजपा उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। उन्होंने कहा कि वह भाजपा छोड़ चुके हैं, इसलिए अब वह जो चाहें बोल सकते हैं।

उन्होंने कहा, “मैंने अब भाजपा छोड़ दिया है। अब भाजपा मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। ना बाल बांका कर सकती है, ना मुझे पैसा दे रही है।” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वह पूरी ईमानदारी से यह मानते हैं कि भाजपा अन्य पार्टियों के मुकाबले अभी भी बेहतर है।

शहजाद पूनावाला ने भाजपा को लेकर कहा कि पार्टी में अभी भी शर्म और लिहाज है। उन्होंने कहा कि भाजपा बेशर्म पार्टी नहीं है। उन्होंने पेपर लीक मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने कुछ भी किया, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हुआ।

पेपर लीक पर भाजपा को घेरा

पॉडकास्ट के दौरान नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak) को लेकर हुए आंदोलन और भाजपा की ओर से देर से मिले रिस्पॉन्स का भी जिक्र हुआ। इस पर शहजाद पूनावाला ने कहा कि भाजपा एक बहुत बड़ी टीम है और इसी वजह से कई बार निर्णय लेने में समय लग सकता है।

हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि अगर एक राज्य में पेपर लीक के मामले में मंत्री का इस्तीफा लिया जा सकता है, तो दूसरे राज्यों में ऐसा क्यों नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया, लेकिन सवाल यह है कि कर्नाटक के शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां छह पेपर लीक हुए, फिर वहां के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया। इसी तरह उन्होंने झारखंड के शिक्षा मंत्री को लेकर भी सवाल उठाया कि उनका इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया।

पीएम मोदी को बताया बुरा तानाशाह

शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी की। उन्होंने पीएम मोदी को ‘बुरा तानाशाह’ बताया और कहा कि वह उन्हें इस मामले में 100 में से 0 नंबर देते हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा और मोदी जी मैं एक नाकामी बताता हूं। वे एक बहुत बुरे तानाशाह हैं। मैं उन्हें इसमें 100 में से 0 नंबर देता हूं।”

शहजाद पूनावाला ने आगे कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से इस्तीफा देने के लिए भी कहा है। उन्होंने पीएम मोदी को फेलियर बताते हुए कहा कि अगर वह वास्तव में तानाशाह होते तो उन्होंने इंदिरा गांधी की तरह इमरजेंसी नहीं लगाई होती।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्ना हजारे जैसे आंदोलनकारियों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का केस नहीं चलाया। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी ने राहुल गांधी के पिता की तरह मीडिया को दबाने की कोशिश नहीं की और न ही सोनिया गांधी की तरह किताबों पर प्रतिबंध लगाया।

राहुल गांधी पर भी खुलकर बोले

पॉडकास्ट में जब शहजाद पूनावाला से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने अंदर कुछ सुधार जरूर किए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जितना बदलाव जरूरी था, उतना अभी नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि अगर 2009 से 2026 के बीच राहुल गांधी के सफर को देखा जाए तो उन्होंने खुद में बदलाव जरूर किए हैं। लेकिन उनके मुताबिक यह बदलाव उतना नहीं है, जितना जरूरी था।

शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी की एक कमजोरी बताते हुए कहा कि उनके साथ दिक्कत यह है कि उन्हें लगता है कि उन्हें सब कुछ पता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनमें और राहुल गांधी में एक समानता है।

‘राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी की कमी’

शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी यानी निरंतरता की कमी होने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में कई बदलाव आए हैं, लेकिन उनके राजनीतिक रवैये में अभी भी कुछ कमियां हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें और राहुल गांधी को सीजेपी के मूवमेंट (CJP Movement) को लेकर पता है कि इसे अरविंद केजरीवाल ने फंड किया। शहजाद पूनावाला ने इसी संदर्भ में राहुल गांधी की राजनीतिक कंसिस्टेंसी पर भी सवाल उठाया।

भाजपा छोड़ने के बाद शहजाद पूनावाला का यह पॉडकास्ट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने एक तरफ भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर आलोचना की, वहीं दूसरी तरफ यह भी साफ कहा कि उनके हिसाब से भाजपा अभी भी बाकी राजनीतिक पार्टियों के मुकाबले बेहतर है। उन्होंने पेपर लीक आंदोलन, पार्टी की निर्णय प्रक्रिया, मंत्रियों के इस्तीफे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली को लेकर अपनी राय सामने रखी। वहीं राहुल गांधी को लेकर भी उन्होंने सुधार की बात स्वीकार करने के साथ उनकी कमियों पर खुलकर सवाल उठाए।

ADVERTISEMENTS