उत्तराखंड में भाजपा को बड़ा झटका,! इस नेता ने थामा कांग्रेस का हाथ

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पौड़ी गढ़वाल में भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। भाजपा ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।
शुक्रवार को देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में इन सभी नेताओं ने आधिकारिक तौर पर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
पौड़ी में भाजपा को लगा बड़ा झटका
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुजाता पॉल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थलीसैंण के अध्यक्ष मंगल सिंह के विशेष प्रयासों से ये बड़ा दलबदल संभव हो सका है। कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व तथा पार्टी की नीतियों में अपनी पूर्ण आस्था व्यक्त की।

जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार कांग्रेस में शामिल
कांग्रेस में शामिल होने के बाद दिनेश सिंह पंवार ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल झूठे वादे कर सत्ता हासिल करना जानती है। जबकि उसे प्रदेश की आम जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज पूरा राज्य महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों से त्रस्त है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने हमेशा हर धर्म, जाति और वर्ग के लोगों का सम्मान किया है।
गणेश गोदियाल ने किया स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिनेश सिंह पंवार और उनके सहयोगियों को कांग्रेस का पटका और फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक और समावेशी विचारधारा वाली पार्टी है, जिसने आजादी से लेकर आज तक राजनीति के साथ-साथ समाज को जोड़ने का काम किया है।
गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार के कुशासन को घेरते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहली निर्वाचित कांग्रेस सरकार ने राज्य में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कर पलायन रोकने और विकास की मजबूत नींव रखी थी, जिसे भाजपा ने अपने शासनकाल में पूरी तरह छिन्न-भिन्न कर दिया। राज्य में पहली बार धार्मिक ध्रुवीकरण कर लोगों के बीच खाई पैदा करने की कोशिश की जा रही है। आज स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी से विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है, जबकि शिक्षित युवा सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं।
संगठन को नई मजबूती
गोदियाल ने विश्वास जताया कि दिनेश सिंह पंवार के अनुभव और उनके विशाल समर्थक आधार के कांग्रेस में शामिल होने से पौड़ी जिले सहित पूरे प्रदेश में पार्टी संगठन को भारी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है और बदलाव के लिए कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।
कौन-कौन से नेता हुए शामिल
कांग्रेस की सदस्यता लेने वालों में भरत सिंह पंवार, मनवर सिंह पंवार, दिलवर सिंह पंवार, हर्ष सिंह पंवार, पूर्व सैनिक आनंद सिंह पंवार, प्रधान शशिकला, कमल बिष्ट, सुरेन्द्र सिंह पंवार, अंकित चौहान, पंकज गौड़, धीरज पंवार, राहुल सिंह और प्रकाश मुडेपी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नैनीताल -जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन