सावधान! अगले कुछ घंटे बेहद भारी: 17 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी, IMD ने जारी किया सबसे बड़ा अलर्ट
देशभर में मानसून का कहर जारी है। IMD ने दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट और यूपी, बिहार, उत्तराखंड सहित 17 राज्यों में भारी बारिश व 65 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी का अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में बाढ़ और हादसों से अब तक 62 लोगों की जान जा चुकी है।
New Delhi: देशभर में मानसून की धमक के साथ ही आफत की बारिश का दौर शुरू हो चुका है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक भारी बारिश का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। कई इलाकों से बाढ़ और जलजमाव के दर्दनाक वीडियो सामने आ रहे हैं।
इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 17 राज्यों में भीषण बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों में 65 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की आशंका है।
दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट: थमेगी नहीं झमाझम
राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के इलाकों में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज यानी 9 जुलाई को दिल्ली के कुछ हिस्सों में ‘रेड’ तो कुछ में ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 10 और 11 जुलाई को भी तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिसके बाद 12 और 13 जुलाई से बारिश में थोड़ी कमी आ सकती है।
महाराष्ट्र में मूसलाधार: अब तक 62 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा रखी है। कई जिलों में अचानक आई बाढ़ और नदियों के उफान के कारण इमारतें ढहने जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो गई हैं। 1 जून से अब तक राज्य में बारिश और आंधी-तूफान के कारण 62 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक मवेशियों की भी जान गई है। प्रशासन हाई अलर्ट पर है और प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी हैं।
यूपी और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज, कानपुर और आगरा सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। राजधानी लखनऊ में तापमान 25 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं, बिहार के पटना, भागलपुर, वैशाली और गोपालगंज सहित कई जिलों में 65 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट और असम में बाढ़ का खतरा
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून और पौड़ी सहित कई इलाकों में आज भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है। दूसरी तरफ, पूर्वोत्तर राज्य असम के कामरूप, धुबरी और लखीमपुर समेत कई हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान जताया गया है, जिससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। राजस्थान में भी आगामी दो-तीन दिन मानसून सक्रिय रहेगा, जिसके बाद 11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


