हल्द्वानी में बैंक में पूर्व सैनिक के 50 हजार चोरीः दो महिलाओं ने काटा थैला, पासबुक अपडेट कराते समय दिया वारदात को अंजाम

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी की नैनीताल रोड स्थित SBI की मुख्य शाखा में दो महिलाओं ने पूर्व सैनिक के थैले से 50 हजार रुपए चोरी कर लिए। घटना बैंक के ATM परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है।

चांदनी चौक धुड़दौड़ा, मानपुर पश्चिम निवासी पूर्व सैनिक बहादुर सिंह 14 सितंबर को पेंशन निकालने बैंक पहुंचे थे। काउंटर से 50 हजार रुपए निकालकर उन्होंने रकम प्लास्टिक के थैले में रख ली। इसके बाद वह बैंक परिसर के ATM में पासबुक अपडेट कराने चले गए।

पासबुक अपडेट कराते समय दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। इनमें से एक महिला काफी करीब आ गई, तो बहादुर सिंह ने उसे दूर खड़े होने को कहा। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं वहां से निकल गईं।

पासबुक अपडेट होने के बाद बहादुर सिंह ने थैला देखा तो नीचे से कटा मिला और उसमें रखे 50 हजार रुपए गायब थे। इसके बाद उन्होंने हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी।

पुलिस ने बैंक और ATM के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दोनों महिलाएं बहादुर सिंह के पास खड़ी और मौका पाकर थैला काटती दिखाई दे रही हैं। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान की जा रही है। पुलिस टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं।

ADVERTISEMENTS