फेसबुक पर मुस्कुराते दिखे 5 दोस्त… सिर्फ 30 मिनट बाद सड़क पर बिछ गए शव, आखिर ऐसा क्या हुआ?
कौशांबी में दोस्तों का एक खुशी भरा वीडियो देखते ही देखते दर्दनाक कहानी में बदल गया। फेसबुक पर पोस्ट की गई आखिरी झलक के कुछ मिनट बाद ऐसा हादसा हुआ जिसने चार परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। आखिर सड़क पर ऐसा क्या हुआ कि हंसते-मुस्कुराते युवक मौत का शिकार बन गए?
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिन पांच दोस्तों ने कुछ देर पहले फेसबुक पर घूमने-फिरने का वीडियो पोस्ट किया था, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी वीडियो बन जाएगी। महज 30 मिनट बाद तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई टक्कर में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहा है।
यह हादसा करारी थाना क्षेत्र के दरियापुर चौराहे के पास हुआ, जहां एक ही बाइक पर सवार पांच युवक अचानक काल के गाल में समा गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आखिरी वीडियो
हादसे से पहले युवकों ने बाइक पर घूमते हुए एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था। वीडियो में पांचों युवक हंसते-मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही मिनटों बाद यही वीडियो सोशल मीडिया पर दर्द और मातम की वजह बन जाएगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक धनपरा से दरियापुर की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई।
सड़क पर दूर जा गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चार युवकों ने दम तोड़ दिया था। मृतकों की पहचान राहुल, आकाश सरोज (25), अमन (22) और संजीत के रूप में हुई है। वहीं पांचवां युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार आकाश और अमन रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद फरार हुआ ट्रैक्टर चालक
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण, सीओ सदर शिवांक सिंह और करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे की वजह जानने की कोशिश कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
एसपी सत्यनारायण ने बताया कि डायल 112 के जरिए सड़क हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को तुरंत मौके पर भेजा गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि पांच युवक एक ही बाइक पर सवार थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी टक्कर हुई। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की हर एंगल से जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक बाइक पर पांच युवकों का सफर और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही, दोनों ने मिलकर चार जिंदगियां छीन लीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नारायण मनराल के आगे नही चली विरोधियों की निर्विरोध बने पनियाली के उप प्रधान
खनन एवं वन विभाग की जुगलबंदी से अस्तित्व में आएगा संजीवनी वन