उत्तराखंड में 2027 के चुनाव की बिसात: कांग्रेस ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे प्रभार

उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव तैयारियों को रफ्तार देने और संगठन की जड़ों को बूथ स्तर तक मजबूत करने के इरादे से एक बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के तहत प्रदेश संगठन में नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिला, महानगर, विधानसभा क्षेत्रों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रभार की अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नक्शेदेखें
बाकी नेताओं को भी जल्द मिलेगा दायित्व
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्पष्ट किया है कि जिन पदाधिकारियों को फिलहाल कार्य आवंटित नहीं हुआ है, उन्हें जल्द ही जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कार्यकारिणी के अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी आगामी दिनों में अहम प्रभार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से पूरी तरह परेशान हो चुकी है। राज्य में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराध और युवाओं-किसानों की अनदेखी जैसे कई बड़े मुद्दे हैं, जिन पर कांग्रेस लगातार जनता के बीच जाकर आवाज उठा रही है। पार्टी इन सभी जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में जनांदोलन चलाएगी और बदलाव की उम्मीद कर रही जनता को एक मजबूत विकल्प देगी।
संगठन को धार देने और कार्यकर्ताओं में तालमेल बैठाने की पहल
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी नेतृत्व ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के अनुभव, सांगठनिक क्षमता और कार्यकुशलता को ध्यान में रखकर यह प्रभार बांटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2027 के रण के लिए पूरी तरह तैयार है।इस नई व्यवस्था का मुख्य मकसद निचले स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाना है। सभी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में लगातार प्रवास करें, स्थानीय स्तर पर बैठकों और अभियानों का संचालन करें, और जमीनी समस्याओं से प्रदेश नेतृत्व को अपडेट रखें। साथ ही, पार्टी के अनुषांगिक संगठनों व विभागों के प्रभारी समाज के विभिन्न वर्गों को कांग्रेस की नीतियों से जोड़ने का काम करेंगे।
समाचारपढ़ें
अनुशासन और सामूहिक प्रयास से मिलेगी जीत: भंडारी
संगठन महासचिव राजेंद्र सिंह भंडारी ने सभी नियुक्त जिला व विधानसभा प्रभारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं का समर्पण, अनुशासन और सामूहिक प्रयास है। भंडारी ने प्रभारियों से अपील की कि वे अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएं और वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर बूथ स्तर पर काम तेज करें। जल्द ही प्रदेश कांग्रेस की ओर से नए कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की जाएगी, जिससे चुनाव अभियान को और मजबूती मिलेगी
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


