हल्द्वानी- सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की मौत

हल्द्वानी। शहर के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। केंटर और स्कूटी की टक्कर में 13 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा। जानकारी के अनुसार शाम करीब छह बजे शनि बाजार रोड पर स्कूटी सवार दो बहनें जा रही थीं, तभी एक केंटर की चपेट में आने से 13 वर्षीय हादिया पुत्री अब्दुल रहमान निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हदिया अपनी नानी के घर हल्द्वानी आई हुई थी और हादसे के समय अपनी बहन के साथ स्कूटी पर सवार थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ अमित सैनी ने बताया कि पुलिस को केंटर और स्कूटी के बीच दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक नाबालिग बच्ची की मृत्यु होने की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा दुर्घटना में शामिल केंटर (यूके 04 सीसी 5999) को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मौके पर मौजूद भीड़ चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए चालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और थाने ले गई। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता वर्तमान में सऊदी अरब में कार्यरत हैं। बेटी की असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



सीएम धामी ने जौनसार बावर में लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं खेल समारोह के दैरान करोड़ो रुपए की घोषणाएं की