हल्द्वानी-बिंदुखत्ता, लालकुआं के 120 युवाओं ने रानीखेत सेना भर्ती में लहराया परचम, प्रकाश मिश्रा की मेहनत लाई रंग..

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

लालकुआं। बिंदुखत्ता और लालकुआं के युवाओं ने भारतीय सेना भर्ती में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। पूर्व सैनिक प्रकाश चंद्र मिश्रा द्वारा वर्षों से निःशुल्क दी जा रही कड़ी सैन्य ट्रेनिंग का असर इस बार रानीखेत सेना भर्ती रैली में देखने को मिला, जहां उनके मार्गदर्शन में तैयारी कर रहे करीब 120 युवाओं ने फिजिकल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सफलतापूर्वक पास कर बड़ी उपलब्धि हासिल की।
प्रकाश चंद्र मिश्रा ने बताया कि तीन मंदिर ग्राउंड, लालकुआं डॉर्बी ग्राउंड और बिंदुखत्ता के 12 नंबर ग्राउंड में प्रतिदिन सुबह 5 से 7 बजे तक युवाओं को पूरी तरह निःशुल्क सेना भर्ती की तैयारी कराई जाती है। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और कठिन अभ्यास का ही परिणाम है कि इस बार बड़ी संख्या में युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया के शुरुआती चरण में सफलता का परचम लहराया।
उन्होंने बताया कि सभी सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी पूरा हो चुका है। सोमवार को करीब आधे अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण संपन्न हुआ, जबकि शेष अभ्यर्थियों का मेडिकल मंगलवार को होना है। अब सभी को अंतिम चयन का बेसब्री से इंतजार है। प्रकाश मिश्रा ने बताया इस निशुल्क ट्रेनिंग में जो इस ग्राउंड से ट्रेनिंग कर सेना में भर्ती हुए सैनिक छुट्टी पर आते हैं वह भी सहयोग करते हैं और कुछ किसी कारण मेडिकल अनफिट बच्चे भी सहयोग करते हैं और अपने पूर्व सैनिकों का भी सहयोग मिलता है।
पूर्व सैनिक प्रकाश मिश्रा लंबे समय से 150 से अधिक युवाओं को बिना किसी शुल्क के सेना भर्ती का प्रशिक्षण देकर उन्हें देश सेवा के लिए तैयार कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनका यह निःस्वार्थ प्रयास सैकड़ों युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहा है। लोगों ने विश्वास जताया कि मेडिकल प्रक्रिया के बाद भी बड़ी संख्या में युवा भारतीय सेना की वर्दी पहनकर क्षेत्र और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि रानीखेत में सेना भर्ती रैली 27 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें लालकुआं और बिंदुखत्ता के युवाओं ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है

ADVERTISEMENTS Ad