कैंसर के 7 प्रमुख चेतावनी संकेत क्या हैं? स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया Cancer होने पर शरीर में क्या दिक्कतें होती हैं
Cancer Symptoms: कैंसर के लक्षण बीमारी बढ़ने से पहले धीरे-धीरे दिखना शुरू हो जाते हैं. ऐसे में इन लक्षणों की समय रहते पहचान करना जरूरी होता है. यहां जानिए कैंसर के शुरुआती लक्षण क्या हैं.
Early Symptoms Of Cancer: कैंसर एक गंभीर बीमारी है जिसकी समय रहते पहचान करना जरूरी होता है. अगर कैंसर को समय से ना पहचाना जाए और इलाज शुरू ना किया जाए तो कैंसर के लक्षण (Cancer Symptoms) बढ़ते चले जाते हैं, ट्यूमर का आकार बढ़ जाता है और यह शरीर के अन्य अंगों तक फैल जाता है. इससे कैंसर की स्टेज बढ़ती जाती है और सर्वाइवल रेट कम होने लगता है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कैंसर की शुरुआती स्टेज में शरीर कुछ चेतावनी संकेत देने लगता है जिनकी पहचान किया जाना जरूरी है. यहां जानिए कौन से हैं ये लक्षण.
कैंसर की शुरुआती स्टेज में दिखते हैं ये संकेत
- मलत्याग और पेशाब करने की आदतों में बदलाव आ जाता है और असामान्य ब्लीडिंग या डिस्चार्ज होने लगता है
- कोई फोड़ा या छाला निकल आता है जो भरता नहीं है
- खांसी उठती है और आवाज बदलने लगती है
- वजन बिना कोशिश किए ही लगातार कम होने लगता है
- तिल या मस्से में बदलाव नजर आने लगता है
- अपच की दिक्कत होती है और कुछ भी निगलने में तकलीफ होने लगती है
- कोई गांठ टाइट होने लगती है.
अलग-अलग कैंसर में अलग-अलग लक्षण
फेफड़ों के कैंसर के लक्षण – अगर सटीक कैंसर और उसके लक्षणों की बात करें तो फेफड़ों के कैंसर में खांसी होने लगती है जो लंबे समय तक ठीक नहीं होती, खांसी में खून आ सकता है, सांस फूलने लगती है, छाती में दर्द होता है, बार-बार फेफड़ों के इंफेक्शन हो सकते हैं, भूख में कमी आ जाती है और सिर में दर्द रह सकता है.
स्तन कैंसर के लक्षण – स्तन कैंसर होने पर ब्रेस्ट के आस-पास, आर्मपिट या कॉलरबोन के पास गांठ बन सकती है, स्तन में सूजन आ सकती है, इरिटेशन हो सकती है, दाने निकल सकते हैं या स्किन संतरे के छिलके के टेक्सचर की होने लगती है, स्किन लाल पड़ जाती है, निप्पल्स में दर्द हो सकता है या डिस्चार्ज होता है जोकि आम नहीं है.
पेट के कैंसर के लक्षण – पेट का कैंसर (Stomach Cancer) होने पर भूख में कमी आ सकती है, बिना कोशिश किए वजन कम हो सकता है, पेट में दर्द होता है, पेट में और पेट के आस-पास अजीब सी असहजता महसूस होती है, थोड़ा सा भी खाने के बाद पेट भरा हुआ महसूस होता है, सीने में जलन, अपच, जी मितलाने या उल्टी की दिक्कत हो सकती है. इसके साथ ही पेट में सूजन, मल में खून और कमजोरी महसूस होने जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं.
आंतों के कैंसर के लक्षण – आंतों का कैंसर होने पर कब्ज हो सकती है, डायरिया हो सकता है, रेक्टल ब्लीडिंग हो सकती है, मलत्याग करने में तकलीफ हो सकती है या मल सामान्य से ज्यादा पतला आ सकता है.
मुंह का कैंसर – होंठ और मुंह के कैंसर में होंठ या मुंह में घाव बन जाता है जो ठीक नहीं होता है, गांठ बन जाती है जो मोटी होती है, लाल या सफेद पैच नजर आने लगता है, खून बहने लगता है और दर्द होता है, मुंह में सुन्न महसूस होता है, आवाज बदल जाती है, दांत ढीले पड़ने लगते हैं, कुछ चबाने या निगलने में दिक्कत आने लगती है और जबड़ा सूज सकता है.
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


